Online Fraud: ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। केरल के कोझिकोड में 63 साल के एक व्यक्ति से कथित तौर पर ₹1.41 करोड़ की धोखाधड़ी की गई। ठगों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम और एक फर्जी वीडियो का इस्तेमाल किया। फेसबुक पर वायरल इस वीडियो में वित्त मंत्री के कथित तौर पर ऑनलाइन ट्रेडिंग के जरिए आकर्षक रिटर्न देने का दावा किया गया था। पुलिस ने इसके बारे में रविवार को बताया। पुलिस के मुताबिक केरल के नाडुवन्नूर में स्थित नोचाड के अब्दुरहीमान पी (Abdurahiman P) ने शनिवार को कोझिकोड रूरल साइबर क्राइम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
कैसे बुना गया ₹1.41 करोड़ की ठगी का जाल?
पुलिस के हवाले से न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित ने फेसबुक पर एक वीडियो देखा, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण कथित तौर पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने और शानदार रिटर्न मिलने की बात कहती दिखाई दे रही थीं। वीडियो को असली समझकर बुजुर्ग ने उसके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक किया। इसके बाद ठगों ने जैसे-जैसे कहा, वह अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने लगे। आरोपियों ने 6 जून 2025 से 4 नवंबर 2026 के बीच कुल 30 अलग-अलग लेन-देन के जरिए पीड़ित के दो बैंक खातों से ₹1.41 करोड़ ट्रांसफर करवा लिए। हालांकि उन्हें न तो वादे के मुताबिक मुनाफा मिला और न ही उनका अपना पैसा वापस मिला।
पैसे वापस मिलने की उम्मीद में देर से की शिकायत
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित ने शुरुआत में शिकायत दर्ज नहीं कराई, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि उनका पैसा वापस मिल जाएगा। जब लंबे समय तक पैसे नहीं मिले, तब वह पुलिस के शिकायत लेकर पहुंचे। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हुई है। पुलिस कई बैंक खातों और फोन कॉल के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
Nvidia News: 1.32 लाख से अधिक ने Stand with Jensen मुहिम को किया सपोर्ट, Elon Musk ने भी किया साइन

