
BeiGo X4 Electric Trike: भारत में इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर सेगमेंट तेजी से बदल रहा है। इसी बीच बेंगलुरु की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी स्टार्टअप iGowise Mobility ने अपने खास इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर BeiGo X4 की तीसरी पीढ़ी को लॉन्च करने की घोषणा की है। कंपनी के मुताबिक, नया BeiGo X4 अक्टूबर 2026 में भारत में लॉन्च होगा और इसकी ग्राहक डिलीवरी दिवाली के दौरान शुरू होने की उम्मीद है।
इस इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर की सबसे बड़ी खासियत इसकी Anti-Topple Gimbal Technology है। कंपनी का दावा है कि यह तकनीक वाहन को मोड़ते या झुकाते समय दोपहिया वाहन जैसा अनुभव देती है, जबकि पीछे के दो पहिए इसे अतिरिक्त स्थिरता प्रदान करते हैं।
झुकने पर भी नहीं गिरेगा BeiGo X4?
BeiGo X4 को सामान्य इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर से अलग बनाने वाली इसकी tilting technology है। iGowise के अनुसार, इसमें कंपनी की proprietary anti-topple gimbal architecture का इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक की मदद से वाहन चालक के साथ स्वाभाविक रूप से झुक सकता है। वहीं पीछे लगे दोनों पहिए सड़क के संपर्क में बने रहते हैं। कंपनी का कहना है कि इससे कम स्पीड पर मोड़ लेने के दौरान कंट्रोल बेहतर हो सकता है। इसके अलावा खराब, ऊबड़-खाबड़ या फिसलन वाली सड़क पर भी वाहन को अधिक स्थिर रखने के लिए यह सिस्टम डिजाइन किया गया है। यानी BeiGo X4 में दोपहिया वाहन के झुककर चलने वाले अनुभव के साथ थ्री-व्हीलर की अतिरिक्त स्थिरता देने की कोशिश की गई है।
AI की मदद से पार्ट्स मैनेजमेंट
कंपनी BeiGo X4 के लिए एक पूरा ownership ecosystem भी विकसित कर रही है। इसमें component-level quality control और AI-based inventory planning शामिल है। इसका उद्देश्य जरूरी स्पेयर पार्ट्स और सर्विस की उपलब्धता को बेहतर तरीके से मैनेज करना है, ताकि ग्राहक को वाहन के रखरखाव में कम परेशानी हो।
100 किमी की रेंज, 100 मिनट में चार्जिंग
iGowise BeiGo X4 में IDC-certified 100 किमी की रेंज का दावा कर रही है। यानी फुल चार्ज में वाहन 100 किमी तक चल सकता है। इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर में कंपनी की iChargeWise 72V architecture दी गई है। इसकी मदद से इसे घर के पावर कनेक्शन से चार्ज किया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि BeiGo X4 को करीब 100 मिनट में चार्ज किया जा सकता है। रोजाना शहर में आने-जाने वाले ग्राहकों के लिए होम चार्जिंग इसकी प्रमुख खासियत बन सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी बैटरी क्षमता (kWh) का खुलासा नहीं किया है।
पीछे के दो पहियों से मिलेगा 120 Nm टॉर्क
BeiGo X4 में ट्विन रियर व्हील दिए गए हैं। कंपनी के मुताबिक, दोनों रियर व्हील मिलकर 120 Nm टॉर्क देते हैं।इसके अलावा इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर में Triple Disc Combined Braking System (CBS) दिया गया है। कंपनी का कहना है कि इसे खास तौर पर शहरी परिस्थितियों में इस्तेमाल को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
₹1.25 लाख में मिलेंगे पहले 300 यूनिट
BeiGo X4 की कीमत को लेकर भी कंपनी ने जानकारी दी है। पहली 300 यूनिट को invite-only लॉन्च प्रोग्राम के तहत ₹1.25 लाख (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध कराया जाएगा। इन शुरुआती 300 यूनिट के बाद BeiGo X4 की स्टैंडर्ड कीमत बढ़कर ₹1.56 लाख (एक्स-शोरूम) हो जाएगी। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के अंत तक करीब 1,000 यूनिट की डिलीवरी का लक्ष्य रखा है। पांच साल से ज्यादा समय में तैयार हुआ BeiGo X4
iGowise का कहना है कि कंपनी ने BeiGo X4 और इसकी tilting technology को विकसित करने में पांच साल से अधिक समय लगाया है। इस दौरान कंपनी ने 50 से ज्यादा प्रोटोटाइप तैयार किए और भारत की अलग-अलग सड़कों तथा मौसम की परिस्थितियों में 1.5 लाख किलोमीटर से ज्यादा रियल-वर्ल्ड टेस्टिंग की। कंपनी का दावा है कि इस टेस्टिंग का उद्देश्य वाहन की स्थिरता, बैलेंस और अलग-अलग सड़क परिस्थितियों में प्रदर्शन को जांचना था।
ICAT और ARAI से मिला सर्टिफिकेशन
कंपनी के अनुसार, BeiGo X4 को ICAT और ARAI से संबंधित प्रमाणन प्राप्त हुआ है। कंपनी के मुताबिक वाहन ने लागू Central Motor Vehicle Rules (CMVR) और AIS-156 battery safety standard का पालन किया है। iGowise के मुताबिक, BeiGo X4 की architecture और balancing technology से जुड़े उसके पास 12 पेटेंट हैं, जबकि कुछ और पेटेंट आवेदन प्रक्रिया में हैं।
घर बैठे सर्विस की भी तैयारी
BeiGo X4 के साथ iGowise सिर्फ वाहन बेचने तक सीमित नहीं रहना चाहती। कंपनी एक modular service-on-wheels मॉडल भी तैयार कर रही है। कंपनी का दावा है कि इसके जरिए ग्राहकों की करीब 95 फीसदी तक सर्विस संबंधी जरूरतों को घर पर ही पूरा करने का लक्ष्य है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस सुविधा में कौन-कौन से रिपेयर और सर्विस काम शामिल होंगे।


