
उत्तरप्रदेश के मेरठ जिले में पति की हत्या कर उसकी मौत को सांप के काटने से हुई घटना दिखाने के मामले में अदालत ने पत्नी और उसके प्रेमी को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। शुक्रवार को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-12) जयवीर सिंह नागर की अदालत ने दोनों दोषियों को फांसी की सजा सुनाई।
अधिकारी के मुताबिक, यह मामला मेरठ जिले के बहसूमा क्षेत्र के अकबरपुर सादात गांव का है। यहां के निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की कश्यप की हत्या के मामले में उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को अदालत ने दोषी करार दिया था।
अदालत ने सात अक्टूबर को दोनों को हत्या के मामले में दोषी ठहराया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, अमित की गला घोंटकर हत्या की गई थी और इसके बाद उसकी मौत को सांप के काटने से हुई घटना के रूप में दिखाने की कोशिश की गई थी।
इस मामले में सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने शुक्रवार को पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई। मामले में हत्या और उसे छिपाने के लिए कथित तौर पर रची गई साजिश ने पूरे घटनाक्रम को गंभीर बना दिया।


