
Gold Silver Price Today: अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच सोने चांदी की कीमतों में मंगलवार को भी गिरावट का दौर जारी रहा। MCX पर सुबह 10:58 बजे 5 अक्टूबर 2026 की डिलीवरी वाला सोना 471 की गिरावट के साथ 1,46,333 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। वहीं 4 दिसंबर 2026 की डिलीवरी वाली चांदी 2,031 टूटकर 2,25,411 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
गुड्स रिटर्न डॉट कॉम के अनुसार, देश में 24 कैरेट सोने के दाम 1,48,880 रुपए प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट सोने के दाम 1,36,400 रुपए प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट सोने के दाम 1,11,600 रुपए प्रति 10 ग्राम है। इसी तरह चांदी की कीमत 2,40,000 रुपए प्रति किलो है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का दौर जारी है। ब्रेंट क्रूड की कीमत आज 107.3 डॉलर तक पहुंच गई तो WTI क्रूड भी 94.24 डॉलर प्रति बैरल हो गया। इंडियन बास्केट पर भी कच्चे तेल के दाम 6.02 फीसदी की तेजी से साथ 123.7 डॉलर प्रति बैरल हो गए।

सोने की कीमत आज क्यों गिरी?
अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेज बढ़ोतरी की वजह से सोने में निवेशकों की दिलचस्पी कम हुई है। बॉन्ड यील्ड बढ़ने से ऐसे निवेशों का आकर्षण बढ़ सकता है जिनसे ब्याज मिलता है, जबकि सोना खुद कोई ब्याज नहीं देता। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने भी महंगाई की चिंता बढ़ाई है। महंगाई का दबाव बढ़ने पर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों को ऊंचा रखने की आशंका से भी निवेशक सतर्क है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर घटनाक्रम भी बाजार के लिए महत्वपूर्ण बना हुआ है।
एक्सपर्ट्स के मुताबिक मुताबिक मौजूदा समय में सोने और चांदी में नई पोजीशन लेने से पहले बाजार की दिशा को स्पष्ट होने देना महत्वपूर्ण हो सकता है। सितंबर में हालांकि, बाजार में अब भी कमजोरी के संकेत दिख रहे हैं। इस वजह से किसी भी निवेश से पहले अपने जोखिम और निवेश अवधि को ध्यान में रखना जरूरी है। इस स्थिति में सोने और चांदी में निवेश से पहले किसी एक्सपर्ट्स की राय जरूर लें।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। जीएसटी और अन्य कारणों से सोने चांदी के दाम यहां दिए गए दाम से अलग भी हो सकते हैं। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।


