
कर्नाटक के मांड्या से सामने आई एक घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां 68 साल की एक महिला लंबे समय से भीख मांगकर अपना जीवन गुजार रही थी। अचानक उसकी मौत के बाद उसके घर से लाखों रुपये नकद बरामद हुए। महिला की पहचान नूर के रूप में हुई है।
घर की तलाशी में मिले पैसों से भरे बोरे
नूर मांड्या में अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थीं। दोनों बहनों ने शादी नहीं की थी। करीब दो साल पहले उसकी बहन की भी मौत हो गई थी। इसके बाद वह अकेले ही रह रही थीं।
नूर की मौत के बाद जब स्थानीय लोगों ने उनके घर की तलाशी ली तो वहां का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। घर में 30 से ज्यादा प्लास्टिक की बोरियां मिली। इन बोरियों में बड़ी संख्या में सिक्के और 10, 20 और 50 रुपये के नोट भरे हुए थे। स्थानीय लोगों ने इन पैसों को बाहर निकालकर गिनना शुरू किया। इस पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी सामने आया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग बोरियों से नोट और सिक्के निकालते तथा रकम की गिनती करते दिखाई दे रहे हैं।
Karnataka: An elderly woman who lived by begging has reportedly left behind more than Rs.30 lakh in cash at her rented home in Mandya. pic.twitter.com/Hgv9v8nA7H
— Raajeev Chopra (@Raajeev_Chopra) August 24, 2026
कुल 8.40 लाख रुपये निकले
काफी मशक्कत के बाद जब पूरी रकम की गिनती की गई तो कुल 8 लाख 40 हजार रुपये निकले। बताया गया कि नूर के पास यह रकम लंबे समय से जमा थी। इतनी बड़ी राशि सामने आने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ उनके रिश्तेदार भी हैरान रह गए।
पैसों के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद
महिला की मौत के बाद उसके घर से बड़ी मात्रा में नकदी मिलने की खबर फैलते ही रिश्तेदारों के बीच रकम के बंटवारे को लेकर तनातनी भी हुई। हालांकि बाद में रकम को परिवार के सदस्यों के बीच बांट दिया गया। एक भाई को 6 लाख रुपये मिले, जबकि दूसरे भाई के हिस्से में 2 लाख 40 हजार रुपये आए। बताया गया कि दूसरे भाई ने मिली रकम मस्जिद में दान कर दी।


