एम के संस फाइन ज्यूल्स का ₹275.40 करोड़ का IPO 30 अक्टूबर को 5.09 गुना भरकर बंद हो गया। इसे सबसे अच्छा रिस्पॉन्स नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स से मिला। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.84 गुना, नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 14.12 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 3.08 गुना सब्सक्राइब हुआ। इश्यू में ₹220.32 करोड़ के 1.36 करोड़ नए शेयर जारी हुए। साथ ही ₹55.08 करोड़ के 34 लाख शेयरों का OFS (Offer for Sale) रहा।
IPO बंद होने के बाद अब अलॉटमेंट 2 नवंबर को फाइनल हो सकता है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 4 नवंबर को शुरुआत कर सकते हैं। IPO के लिए रजिस्ट्रार Bigshare Services Pvt.Ltd. है। प्राइस बैंड ₹153-₹162 प्रति शेयर था।
एम के संस फाइन ज्यूल्स सोने, हीरे और CZ आभूषणों की खुदरा बिक्री करती है। इसके महाराष्ट्र के मुंबई और गुजरात के अहमदाबाद में 5 रिटेल शोरूम हैं। कंपनी ‘पवित्र’, ‘रिवाज’, ‘सितारे’, ‘नक्श’, ‘सुनहरे’ और ‘वन एंड ओनली’ जैसे कई कलेक्शंस के तहत अंगूठी, हार, चूड़ियां, झुमके, ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, सॉलिटेयर, ब्राइडल ज्वेलरी और कस्टमाइज्ड ज्वेलरी की पेशकश करती है। कंपनी के प्रमोटर रामचंद मुरलीधर रायमलानी, नीलम रामचंद रायमलानी और कुश रामचंद रायमलानी हैं।
IPO के पैसे कैसे होंगे इस्तेमाल
कंपनी ने IPO की ओपनिंग से पहले एंकर इनवेस्टर्स से ₹82.62 करोड़ जुटाए थे। यह अपने पब्लिक इश्यू में नए शेयरों को जारी करके हुई कमाई का इस्तेमाल महाराष्ट्र में एक नया शोरूम खोलने के लिए, गुजरात में मौजूदा शोरूम का विस्तार करने के लिए, कर्ज चुकाने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
M. K. Sons Fine Jewels की वित्तीय सेहत
एम के संस फाइन ज्यूल्स का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू ₹101.45 करोड़ रहा। शुद्ध मुनाफा ₹15 करोड़ दर्ज किया गया। इस बीच कंपनी पर ₹70.52 करोड़ की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 53 प्रतिशत बढ़कर ₹538.86 करोड़ और शुद्ध मुनाफा 123 प्रतिशत बढ़कर ₹51.80 करोड़ हो गया। ग्रे मार्केट में कंपनी का शेयर 3.70 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

