IMD Weather Update: देशभर में पिछले कुछ दिनों से मौसम में काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। देश भर के कई राज्यों में एक बार फिर से मौसम बदलने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, कल यानि 10 नवंबर को तमिलनाडु, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह समेत कई राज्यों में बारिश होने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालयी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में 12 और 13 नवंबर को भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा कुछ राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। वहीं इस दौरान कई राज्यों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। आइए जानते हैं कैसा होगा कल का मौसम
इन राज्यों में होगी तेज बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 9 और 10 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, केरल और माहे में 9 नवंबर को तेज बारिश होने की संभावना है। लक्षद्वीप में भी 9 नवंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 11 से 13 नवंबर के बीच गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। वहीं अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश के दौरान बिजली चमकने और गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इन हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
पहाड़ी इलाकों में हो सकती है बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम बदलने वाला है। जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में 10-11 नवंबर और फिर 14-15 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 10 से 15 नवंबर तक, जबकि उत्तराखंड में 9, 12 और 13 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। वहीं, जम्मू-कश्मीर में 12 और 13 नवंबर को कई इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर तेज बारिश या भारी बर्फबारी होने का भी अनुमान है।
पूर्वोत्तर राज्यों का कैसा होगा हाल
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 9 से 12 नवंबर के बीच हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 10 और 11 नवंबर को गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। इन राज्यों में 11 नवंबर को कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। वहीं, मध्य और पश्चिमी भारत में अगले सात दिनों तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में भी मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।
आईएमडी के अनुसार, तटीय आंध्र प्रदेश, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

