खून से सनी बोरी और चार्जर के तार… गर्लफ्रेंड की हत्या कर बाइक से लाश ठिकाने लगा रहा था कातिल, ऐसे खुला राज

खून से सनी बोरी और चार्जर के तार... गर्लफ्रेंड की हत्या कर बाइक से लाश ठिकाने लगा रहा था कातिल, ऐसे खुला राज

crime news

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी भी थ्रिलर फिल्म की कहानी भी फीकी पड़ जाए। यहां एक सिरफिरे आशिक ने अपनी ही 19 वर्षीय गर्लफ्रेंड की बेरहमी से हत्या कर दी और उसकी लाश को बोरे में भरकर मोटरसाइकिल से ठिकाने लगाने जा रहा था, लेकिन रास्ते में पुलिस की चेकिंग ने उसका सारा राज खोल दिया। ALSO READ: गुरुग्राम में 'ऑपरेशन सफेद सागर' के ग्रुप कैप्टन पर जानलेवा हमला, पार्किंग विवाद में लोहे की रॉड से फोड़ा सिर

 

पुलिस चेकिंग के दौरान हुआ सनसनीखेज खुलासा

यह घटना सोमवार रात की है जब आरोपी अमित अपनी मोटरसाइकिल के पीछे एक बोरी बांधकर जा रहा था। बलरामपुर थाना क्षेत्र के बिजली विभाग के दफ्तर के पास कालीतला के समीप पुलिस वाहनों की रूटीन चेकिंग कर रही थी। पुरुलिया की तरफ से आ रहे अमित को जब पुलिस ने रोककर उसकी बाइक के पीछे बंधी संदिग्ध बोरी के बारे में पूछा, तो वह घबरा गया।

बताया जा रहा है कि जब चेकिंग के दौरान उसकी बाइक रोकी गई, तो बोरी रस्सी की जगह यूएसबी चार्जर के तारों से बंधी दिखाई दी और उससे सड़क पर खून टपक रहा था। पुलिस ने जब सख्ती दिखाते हुए बोरी खोली, तो उनके होश उड़ गए। उसके अंदर एक युवती का खून से लथपथ शव था। पुलिस ने बिना देर किए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और थाने ले आई। ALSO READ: पश्चिम बंगाल में बड़ी कार्रवाई, 252 मदरसे होंगे बंद, 100 मदरसों को थमाया नोटिस, शुभेंदु सरकार ने क्‍यों लिया यह फैसला?

 

बेवफाई का शक बना हत्या की वजह

पुलिस की पूछताछ में आरोपी अमित ने जो सच बताया, वह बेहद खौफनाक था। मृतक युवती की उम्र 19 साल थी और वह बागमुंडी थाना क्षेत्र के बुरदा गांव की रहने वाली थी। वह पुरुलिया के नदिहार के पास एक मेस में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। दोनों के बीच पिछले चार साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

आरोपी को शक था कि पिछले कुछ महीनों से उसकी गर्लफ्रेंड का किसी और के साथ भी अफेयर शुरू हो गया था। प्रेमिका की इस तथाकथित बेवफाई से आहत होकर अमित ने उसे मौत के घाट उतारने की खौफनाक साजिश रची।

 

पुलिस जांच में जुटी

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी ने नदिहार स्थित मेस में ही लड़की की कथित तौर पर हत्या की होगी और फिर साक्ष्य छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर बाइक से ले जा रहा था। इस वीभत्स घटना के सामने आने के बाद से बलरामपुर और आसपास के पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और इस हत्याकांड की हर एंगल से बारीकी से जांच की जा रही है।