
Dhanraj Parimal Nathwani: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) मुखिया अखिलेश यादव ने अपने दूसरे राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में जाने-माने उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी के नाम का ऐलान कर सबको चौंका दिया है। दरअसल, धनराज के पिता परिमल एनडीए से राज्यसभा सांसद हैं। कॉरपोरेट जगत में मजबूत पकड़ रखने वाले धनराज नथवानी के अंबानी परिवार से भी करीबी संबंध हैं।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी के दूसरे राज्यसभा प्रत्याशी के तौर पर धनराज परिमल नथवानी के नाम पर मुहर लगा दी है। सपा ने अपने आधिकारिक ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल से जानकारी साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव और उद्योगपति धनराज नथवानी एक साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे हैं।
बड़े व्यापारिक घराने से है संबंध
धनराज नथवानी का संबंध देश के प्रमुख व्यापारिक घरानों में से एक से है। नथवानी फिलहाल रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) में ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर तैनात हैं। रिलायंस जियो के देशव्यापी रोल-आउट और कई अन्य मेगा प्रोजेक्ट्स के संचालन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे रिलायंस न्यू एनर्जी और रिलायंस ग्रुप की विभिन्न सहायक कंपनियों के बोर्ड में बतौर डायरेक्टर भी शामिल हैं। उनके पिता परिमल नथवानी भी एक जाने-माने उद्योगपति और राज्यसभा सांसद हैं, जो झारखंड से राज्यसभा पहुंचे हैं। अब धनराज नथवानी भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए उच्च सदन में प्रवेश करने की तैयारी में हैं।
गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष
नथवानी गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (GCA) के अध्यक्ष हैं। नवंबर 2022 में उन्हें सर्वसम्मति से इस पद पर चुना गया था। जीसीए अध्यक्ष बनने से पहले वह उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत थे और अहमदाबाद स्थित दुनिया के सबसे बड़े ‘नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम’ के निर्माण की कोर टीम के महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं। वह गुजरात स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में भी खेल के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
लंदन से पढ़ाई और धार्मिक-सामाजिक जुड़ाव
धनराज नथवानी का शैक्षणिक रिकॉर्ड भी काफी समृद्ध रहा है। उन्होंने लंदन के प्रतिष्ठित रीजेंट्स बिजनेस स्कूल से ‘इंटरनेशनल बिजनेस’ में उच्च शिक्षा प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से ‘कॉरपोरेट लॉ’ और ‘पब्लिक रिलेशंस’ में एमबीए (MBA) किया है। वह प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर का प्रबंधन देखने वाली द्वारका देवस्थान समिति के उपाध्यक्ष के रूप में भी सेवा दे रहे हैं।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने विधायक दल की बैठक में ही अपने चाचा प्रो. रामगोपाल यादव को पहली सीट का उम्मीदवार घोषित कर दिया था। अब दूसरे उम्मीदवार के तौर पर धनराज नथवानी के नाम के ऐलान के बाद सपा के पास अतिरिक्त विधायकों का वोट बैंक बचता है। इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अखिलेश यादव जल्द ही तीसरे प्रत्याशी के नाम का भी ऐलान कर सकते हैं। विधानसभा में संख्याबल के आधार पर समाजवादी पार्टी आसानी से दो सीटें जीत सकती है।


