कानपुर के नत्थूपुरवा गांव में गिरा ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट, दो पायलटों की मौत

कानपुर के नत्थूपुरवा गांव में गिरा ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट, दो पायलटों की मौत

Kanpur plane crash

Kanpur plane crash: उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार दोपहर एक बड़ा दर्दनाक हादसा हो गया। कानपुर कैंट क्षेत्र से उड़ान भरने वाला एक 'ट्विन इंजन' ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट गंगा बैराज के पास कटरी क्षेत्र स्थित नत्थूपुरवा गांव में दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में गिर गया। इस भयानक हादसे में विमान उड़ा रहे दोनों पायलटों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि एयरक्राफ्ट में सवार दोनों पायलटों की जान चली गई।

धमाके के साथ खेत में गिरा विमान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमान ने सुबह करीब 11:20 बजे कानपुर कैंट क्षेत्र से अपनी रूटीन ट्रेनिंग उड़ान भरी थी। दोपहर के समय नत्थूपुरवा गांव के पास अचानक विमान अनियंत्रित होकर आसमान से नीचे की ओर आया और तेज धमाके के साथ खेत में क्रैश हो गया। जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण सन्न रह गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

मृतक पायलटों की हुई पहचान

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। विमान से दोनों पायलटों को बाहर निकाला गया। पुलिस कमिश्नर लाल ने दो मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले पायलटों की पहचान अभिषेक पुजारी (कर्नाटक) और सुमित भाटिया (गुजरात) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद घायल अवस्था में पायलटों को इलाज के लिए हैलट अस्पताल भी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

2023 में गर्ग एविएशन में शामिल हुआ था एयरक्राफ्ट

पुलिस प्रशासन के अनुसार, यह 4-सीटर एयरक्राफ्ट 'टेक्नम' कंपनी का था, जिसे वर्ष 2023 में गर्ग एविएशन द्वारा पायलटों की ट्रेनिंग के लिए शामिल किया गया था। हालांकि हादसे के शुरुआती कारणों का अभी पता नहीं चल सका है कि विमान किसी तकनीकी खराबी की वजह से क्रैश हुआ या मौसम संबंधी समस्या के कारण। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई है। डीजीसीए की विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की गहनता से जांच करेगी।