
Rahul Gandhi on Jamui Case: बिहार के जमुई जिले में 10वीं क्लास के छात्र-छात्रा को रोककर की गई बदसलूकी और उत्पीड़न के वायरल वीडियो पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का गुस्सा फूटा है। राहुल गांधी ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट शेयर कर इस घटना को बेहद ‘बेचैन करने वाला’ बताया और बिना नाम लिए भाजपा समर्थकों व ‘अंधभक्तों’ पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि बिहार के जमुई का एक वीडियो बहुत बेचैन करने वाला है। 10वीं क्लास के एक छात्र और छात्रा को रास्ते में जबरदस्ती रोक लिया गया। उन्हें प्रताड़ित किया गया, अपमानित किया गया और छात्रा के साथ उत्पीड़न किया गया। बच्ची हाथ जोड़कर उसे जाने देने की विनती करती रही, मगर गुंडे उसे गलत तरीके से छूते और खींचतान करते रहे। ALSO READ: भारत का स्टूडेंट खतरे में है, इंदौर में राहुल का मोदी सरकार पर हमला
बिहार सरकार से पूछे तीखे सवाल
राहुल ने आगे लिखा- इन लोगों को ऐसी बदतमीज़ी करने का हक किसने दिया? यह ‘संस्कृति’ नहीं है, यह patriarchy है: ये सोच कि किसी भी पुरुष का किसी लड़की के शरीर, उसके आने-जाने और उसकी पसंद-नापसंद पर नियंत्रण है। जब नियंत्रण को ही संस्कृति मान कर ‘अंधभक्त’ ऐसी सोच को सामान्य ठहराते हैं, तो भीड़ को लगने लगता है कि वही कानून है।
The video from Jamui, Bihar is deeply disturbing.
Two Class 10 students were stopped on a road. Harassed. Humiliated. Molested. A young girl, hands folded, begged to be let go while goons groped her and dragged her away.
Who gave these men the right to behave like this? This is…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) September 21, 2026
उस वीडियो में दिख रहे हर व्यक्ति की पहचान होनी चाहिए और उन अपराधियों पर POCSO के तहत मुकदमा चलाकर उन्हें जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। और अगर ये घटना 19 सितंबर की है तो गुनहगार अब तक सलाखों के पीछे क्यों नहीं हैं? और बिहार सरकार जवाब दे कि शाम 7 बजे कोई लड़की राज्य की सड़कों पर सुरक्षित क्यों नहीं है? ALSO READ: ‘वोट चोरी, सरकार चोरी और अब पार्टी चोरी…’: TMC विवाद पर चुनाव आयोग और बीजेपी पर बरसे राहुल गांधी
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना 19 सितंबर की शाम की है। जमुई में एक नाबालिग छात्रा अपने एक साथी छात्र के साथ स्कूटी से कहीं जा रही थी। उसी दौरान सड़क पर कुछ मनचलों ने उनकी स्कूटी को जबरन रोक लिया। युवकों ने दोनों को चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की, मारपीट व अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में पीड़ित लड़का और लड़की रोते हुए हाथ जोड़कर आरोपियों से उन्हें छोड़ देने की गुहार लगाते दिखाई दे रहे हैं।
आरोप है कि इस दौरान मनचलों ने लड़की के साथ अनुचित तरीके से शारीरिक स्पर्श करने और छेड़खानी करने की कोशिश भी की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आते ही लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए तीन आरोपियों की पहचान की और उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया।


