
जम्मू के राजौरी में करीब 2 दर्जन स्कूल एक दिन के लिए बंद कर दिए गए। बच्चे जब स्कूल के लिए तैयार हो रहे थे तो उनके परिजनों को सूचना मिली कि बच्चों को स्कूल न भेजें। स्कूल बंद करने के पीछे दरअसल वजह हैं वहां के आवारा कुत्ते।
दरअसल, स्थानीय प्रशासन ने निर्देश जारी किए कि स्कूल बदं रखे जाएं, क्योंकि एक सरकारी हेल्थ सेंटर में कुत्तों के काटने से घायल 6 लोग भर्ती हुए, इसके बाद सोमवार को 3 और लोग भर्ती हुए। इस तरह लगातार कुत्तों के काटने से लोग अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। प्रशासन ने पुलिस और CRPF के जवानों के साथ-साथ एक एग्ज़ीक्यूटिव मजिस्ट्रेट और विलेज डिफ़ेंस गार्ड (VDG) को तैनात करने का आदेश दिया।
दरअसल, इसके लिए पुलिस और CRPF के जवानों को तैनात किया गया। इसके पीछे कोई VIP विज़िट या बॉर्डर खतरा नहीं था। यह फ़ैसला आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए लिया गया था, जिन्होंने कथित तौर पर पिछले दो दिनों में नौ लोगों को काटा था।
बता दें कि सोमवार शाम को एक कुत्ते ने एक शख्स को काट लिया था, इसके बाद लोकल गांव वालों ने डंडे से कुत्ते को पीटकर मार डाला। ADC के ऑर्डर में कहा गया है कि ये कुत्ते कथित तौर पर अभी भी इलाके में घूम रहे हैं और आम जनता, खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा बने हुए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में डर और घबराहट फैल रही है।
कुत्तों को सुरक्षित पकड़े, उन्हें नुकसान न पहुंचाएं : स्कूल बंद करने का आदेश देते हुए, ADC ने कंडी पुलिस स्टेशन के SHO से कहा, “जहां भी ज़रूरत हो, वहां काफ़ी पुलिस वाले तैनात करें, साथ ही CRPF और VDGs/स्थानीय लोगों के साथ मिलकर संदिग्ध पागल/खूंखार कुत्तों को जल्द से जल्द सुरक्षित पकड़ने/ट्रैप करने के लिए, लागू नियमों और एनिमल वेलफेयर प्रोटोकॉल के अनुसार सख्ती से काम करें।”


