ब्रोकरेज फर्म ICICI Direct ने 4 शेयरों में 12 महीने के नजरिए से खरीदारी की सलाह दी है। इस लिस्ट में डिफेंस, फुटवियर, फार्मा और मेटल सेक्टर की एक-एक कंपनी है. गुरुवार के क्लोजिंग भाव से देखें तो ब्रोकरेज के टारगेट इन शेयरों में 16.56% से 26.58% तक की तेजी दिखा रहे हैं।
Campus Activewear में दिख रहा 26% का अपसाइड
Campus Activewear का शेयर गुरुवार को 197.50 रुपये पर बंद हुआ। ICICI Direct ने इसका टारगेट 250 रुपये रखा है, जो 26.58% ऊपर है। इस लिस्ट में ये सबसे बड़ा अपसाइड है।
Q2FY27 में कंपनी की कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू 17% बढ़कर 452 करोड़ रुपये पहुंच गई। तिमाही में 6.3 मिलियन जोड़ी जूते बिके, जो पिछले साल से 10.3% ज्यादा हैं। हर जोड़ी पर औसत कमाई भी 6.1% बढ़कर 713 रुपये हो गई। EBITDA 14% बढ़कर 57 करोड़ रुपये रहा, लेकिन EBITDA मार्जिन 34 bps घटकर 12.6% पर आ गया। कम ब्याज खर्च का सहारा मिला और मुनाफा 22.4% उछलकर 24.3 करोड़ रुपये पहुंच गया।
कंपनी की ग्रोथ में महंगे जूतों का बड़ा रोल है। 2,000 रुपये से ऊपर वाले जूतों की बिक्री 50% से ज्यादा बढ़ी है। कुल वॉल्यूम में इनकी हिस्सेदारी करीब 9% से बढ़कर 13% हो गई है। मैनेजमेंट ने FY27 के लिए मिड-टीन रेवेन्यू ग्रोथ और 17% EBITDA मार्जिन का गाइडेंस बरकरार रखा है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि FY27 में EBITDA मार्जिन 16.7% रहेगा और FY28 में करीब 17.5% तक पहुंचेगा।
Abbott India को मिला 32,810 का टारगेट प्राइस
Abbott India का शेयर गुरुवार को 26,603.60 रुपये पर बंद हुआ। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट 32,810 रुपये रखा है, यानी 23.33% की तेजी का अनुमान है। ये टारगेट FY28E के 911.3 रुपये के EPS के 36 गुना पर तय किया गया है।
Q2FY27 में कंपनी की रेवेन्यू 11% बढ़कर 1,951 करोड़ रुपये रही। EBITDA करीब 13% बढ़कर 568 करोड़ रुपये पहुंचा और EBITDA मार्जिन करीब 53 bps सुधरकर 29.1% हो गया। मुनाफा 9% बढ़कर करीब 453.5 करोड़ रुपये रहा। IQVIA के मुताबिक, कंपनी के पुराने और नए पावर ब्रांड्स लगातार 12-15% की ग्रोथ दे रहे हैं।
कंपनी पिछले 12 साल में 100 से ज्यादा प्रोडक्ट लॉन्च कर चुकी है और अगले 5 साल में 75 और लॉन्च करने की तैयारी है। अपने पोर्टफोलियो में ये Wegovy जैसा GLP-1 प्रोडक्ट भी जोड़ रही है। ICICI Direct का मानना है कि ब्रांड पर ग्राहकों के भरोसे और नए लॉन्च की रफ्तार को देखते हुए शेयर का प्रीमियम वैल्यूएशन जायज है।
Hindalco में आ सकती है 19% की तेजी
Aditya Birla ग्रुप की कंपनी Hindalco का शेयर गुरुवार को 964.20 रुपये पर बंद हुआ। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट 1,150 रुपये रखा है, जो 19.27% ऊपर है।
Q2FY27 में कंपनी की कंसॉलिडेटेड रेवेन्यू करीब 39% बढ़कर 91,708 करोड़ रुपये रही। EBITDA 43% बढ़कर 12,831 करोड़ रुपये पहुंचा और मुनाफा करीब 59% उछलकर 7,533 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी Aditya Aluminium स्मेल्टर में करीब 20,000 करोड़ रुपये के कैपेक्स से करीब 374 KT की नई कैपेसिटी जोड़ रही है। इससे FY29 तक प्राइमरी एल्युमिनियम कैपेसिटी करीब 1.3 MT से बढ़कर 1.7 MT हो जाएगी। FY29 तक कॉपर स्मेल्टिंग कैपेसिटी में भी 300 KT का इजाफा होगा। अमेरिकी सब्सिडियरी Novelis का 600 KT वाला Bay Minette प्लांट FY28 में चालू होना है। ब्रोकरेज के मुताबिक, इससे वॉल्यूम और मार्जिन दोनों बढ़ने की उम्मीद है।
ऑर्डर बुक के दम पर मजबूत है Data Patterns
डिफेंस और एयरोस्पेस इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी Data Patterns का शेयर गुरुवार को 4,221 रुपये पर बंद हुआ। ब्रोकरेज ने इसका टारगेट 4,920 रुपये रखा है, जो 16.56% ऊपर है।
H1FY27 में कंपनी को 1,046 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले। सितंबर 2026 तक नेगोशिएटेड ऑर्डर्स को मिलाकर कंपनी की ऑर्डर बुक 2,698 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है, जो पिछले 12 महीने की रेवेन्यू का 3.5 गुना है। मैनेजमेंट के मुताबिक, 1,500 से 2,000 करोड़ रुपये के ऑर्डर पाइपलाइन में हैं। कंपनी ने FY27 के लिए 20-25% रेवेन्यू ग्रोथ का गाइडेंस दोहराया है।
अब तक कंपनी कंपोनेंट और सबसिस्टम सप्लाई करती थी। अब वो काउंटर-ड्रोन सिस्टम, रडार, जैमर पॉड और डिफेंस सैटेलाइट जैसे पूरे सिस्टम खुद बनाने की तरफ बढ़ रही है। यूरोप में पहली डिलीवरी दिसंबर 2026 से मार्च 2027 के बीच होने की उम्मीद है। ICICI Direct का अनुमान है कि FY26 से FY28E के बीच कंपनी की रेवेन्यू और मुनाफा, दोनों करीब 25% की सालाना दर से बढ़ेंगे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

