हिमाचल के रुपिन पास में भारी बर्फबारी, 3 फीट बर्फ में दबीं 2000 से ज्यादा भेड़-बकरियां, ऐसे किया जा रहा रेस्क्यू

रूपिन दर्रे में बर्फ का कहर, 2,000 से ज्यादा भेड़-बकरियां दबने की आशंका

शिमला, 30 सितंबर (PTI) हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में भारी बर्फबारी से हालात बिगड़ गए हैं। सांगला और डोडरा-क्वार के बीच रूपिन दर्रे में 2,000 से ज्यादा भेड़-बकरियों के बर्फ में दबे होने की आशंका है। इलाके में तीन फीट से ज्यादा बर्फ जमा हो गई है।

https://x.com/ANI/status/2105276613697176044

26 सितंबर को रूपिन दर्रे के ऊंचाई वाले इलाके में तेज बर्फबारी शुरू हो गई। उस समय चरवाहे अपने पशुओं को लेकर नीचे लौट रहे थे। मौसम अचानक खराब होने पर कुछ चरवाहे वापस आ गए, लेकिन जो दर्रा पार कर चुके थे, उनके लिए लौटना मुश्किल हो गया। ज्यादा बर्फ के कारण भेड़-बकरियां भी रास्ते में फंस गईं और कई के बर्फ में दबने की जानकारी सामने आई।

राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के मुताबिक, शुरुआती अनुमान में करीब 2,000 भेड़-बकरियों के फंसे होने की बात सामने आई है। अभी यह साफ नहीं है कि इनमें से कितने पशु मारे गए हैं। बर्फ हटने के बाद ही पशुओं की सही संख्या और नुकसान का पता चल सकेगा। कुछ बड़े पशुओं के सींग बर्फ के ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जबकि बाकी पशुओं की स्थिति का अभी पता नहीं है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद डोडरा-क्वार के SDM को रेस्क्यू टीम बनाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद स्थानीय चरवाहों के साथ होम गार्ड, पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की टीम तैयार की गई। यह टीम बुधवार को रूपिन दर्रे की चोटी तक पहुंच गई। वहां से सैटेलाइट फोन के जरिए प्रशासन को हालात की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों की एक और टीम भी जल्द मौके पर भेजी जाएगी।

प्रशासन की टीम मौके पर हालात देख रही है। बर्फ हटने के बाद ही पशुओं के नुकसान का सही पता चलेगा। इसके बाद प्रभावित चरवाहों को मदद दी जाएगी। सरकार ने नुकसान की भरपाई के लिए राहत पैकेज देने की बात कही है। अभी तक किसी इंसान के घायल होने की खबर नहीं है।