Amarinder Warring: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुरुवार को पार्टी की अंदरूनी कलह को लेकर बड़ा बयान दिया है। CNN-News18 को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में उन्होंने माना कि कांग्रेस में चल रही आपसी कलह से पार्टी को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि संगठन के अंदर उन्हें किसी से कोई परेशानी नहीं है।
CNN-News18 की पत्रकार पल्लवी घोष से बातचीत में वड़िंग ने संकेत दिया कि पंजाब कांग्रेस के कुछ नेताओं को शायद उनसे दिक्कत हो सकती है। हालांकि, उन्होंने किसी भी नेता का नाम नहीं लिया।
पायलट की एंट्री के बाद वड़िंग का इस्तीफा
वड़िंग का इस्तीफा कांग्रेस की ओर से सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी बनाए जाने के एक महीने से भी कम समय बाद आया है। पार्टी ने सचिन पायलट को पंजाब का महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। उन्होंने इस पद पर पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जगह ली है।
बता दें कि पंजाब में कांग्रेस अंदरूनी मतभेदों से जूझ रही है, जहां अलग-अलग गुट अगले विधानसभा चुनावों से पहले ज्यादा अहमियत पाने की कोशिश कर रहे हैं। वारिंग को पहले भी पार्टी के कुछ हिस्सों से अपने कामकाज और लीडरशिप को लेकर आलोचना का सामना करना पड़ा है।
चन्नी संग वायरल फोटो पर वड़िंग ने तोड़ी चुप्पी
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ अपनी एक वायरल तस्वीर और राज्य इकाई के भीतर चल रही आपसी खींचतान के बारे में बात करते हुए वड़िंग ने कहा, “देखिए, कहीं भी अगर आपसी खींचतान होती है, तो उससे नुकसान ही होता है। और हमें भी इसकी वजह से नुकसान उठाना पड़ा है। सच कहूं तो, इसमें कोई दो राय नहीं है।”
PTI ने पार्टी के कई सूत्रों के हवाले से बताया कि पंजाब कांग्रेस यूनिट के अध्यक्ष पद से वड़िंग को हटाने का फैसला, पंजाब के लिए पार्टी के प्रभारी महासचिव सचिन पायलट द्वारा लिए गए संगठनात्मक फीडबैक के बाद लिया गया।
बता दें कि पायलट, जिन्हें 5 सितंबर को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की जगह इस पद पर नियुक्त किया गया था, ने नेतृत्व में बदलाव पर फैसला लेने के लिए पार्टी हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपने से पहले राज्य के पार्टी नेताओं के साथ कई बैठकें कीं।
यह भी पढ़ें: वाटर ग्रिड और रिवर ड्रेजिंग का फॉर्मूला… नितिन गडकरी लेकर आए वो प्लान जिससे खत्म हो जाएगी बिहार की बाढ़?

