
अगर आप कम बजट में नई बाइक खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी लोकप्रिय कम्यूटर बाइक HF Deluxe Canvas Black Edition की कीमत में बड़ी कटौती की है। कंपनी ने इस वेरिएंट की कीमत 7,635 रुपए कम कर दी है। अब यह बाइक 67,634 रुपए की बजाय 59,999रुपए (एक्स-शोरूम) में उपलब्ध है। खास बात यह है कि इसकी नई कीमत जून 2023 की लॉन्च कीमत 60,760 रुपए से भी कम है।
हालांकि, यह ऑफर फिलहाल पूरे देश में नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। यदि आप इन राज्यों में रहते हैं और नई बाइक खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह ऑफर आपके लिए बचत का अच्छा मौका हो सकता है।
ALSO READ: Electric scooter : मेटल बॉडी वाले सस्ते इलेक्ट्रिक स्कूटर, दाम सुनेंगे तो चौंक जाएंगे
कंपनी ने कीमत घटाने की आधिकारिक वजह नहीं बताई है, लेकिन ऑटो सेक्टर के जानकारों के मुताबिक 100cc सेगमेंट में बढ़ते मुकाबले और हाल के महीनों में बिक्री में आई गिरावट इसकी बड़ी वजह हो सकती है। इस सेगमेंट में Honda Shine 100, Bajaj Platina 100 और TVS Sport जैसी बाइकों से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है।
राहत की बात यह है कि कीमत कम होने के बावजूद बाइक के इंजन, फीचर्स और क्वालिटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी ग्राहकों को पहले जैसे ही फीचर्स और परफॉर्मेंस मिलेगी, लेकिन कम कीमत पर।

