हार के बाद ट्रंप की पार्टी में बिखराव

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति को मिडटर्म चुनाव में बड़ा झटका लगा है। उनकी पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों में बहुमत गंवा दिया है। इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए निजी तौर पर भी मुश्किलें बढ़ रही हैं। एक तरफ डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद उनके खिलाफ महाभियोग लाने की तैयारी कर रहे हैं तो दूसरी ओर उनके करीबी नेता भी उनसे दूरी बना रहे हैं। उप राष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो दोनों ने दूरी बना ली है।

खबर है कि विदेश मंत्री मार्को रूबियो ट्रंप का साथ छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। “इकोनॉमिक टाइम्स’ की खबर के मुताबिक, रूबियो अपने भविष्य के विकल्पों पर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने इससे इनकार किया है। दूसरी ओर, उप राष्ट्रपति जेडी वेंस भी ट्रम्प से दूरी बना रहे हैं। वेंस 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की तैयारी में ट्रंप से नाराज वोटरों को अपने साथ लाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने खुल कर कहा कि ईरान युद्ध के कारण पार्टी हारी।

गौरतलब है कि मिडटर्म चुनाव में हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स की कुल 435 सीटों में से डेमोक्रेटिक पार्टी ने 253 और ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी ने 157 सीटें जीती हैं। 25 सीटों पर अंतिम नतीजे आनी बाकी है। बहुमत का आंकड़ा 218 सीट का है, जिससे बहुत ज्यादा सीटें डेमोक्रेट्स को मिल चुकी हैं। सीनेट की एक सौ सीटों में से 35 पर चुनाव हुए हैं। अब तक 33 सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। इनमें डेमोक्रेटिक पार्टी ने 20 और रिपब्लिकन पार्टी ने 13 सीटें जीती हैं। इन नतीजों को मिलाकर डेमोक्रेटिक पार्टी के पास 54 और रिपब्लिकन पार्टी के पास 44 सीटें हैं।

मिसिसिपी की सीनेट सीट को लेकर बहुत कांटे की टक्कर है। दोनों प्रमुख पार्टियों के नेता, वकील और कार्यकर्ता मिसिसिपी पहुंच रहे हैं। वहां हजारों अस्थायी वोटों की जांच होगी। दोनों पार्टियां नतीजों को कोर्ट में चुनौती देने की तैयारी भी कर रही हैं। मिसिसिपी में डेमोक्रेट उम्मीदवार स्कॉट कोलम को रिपब्लिकन सीनेटर सिंडी हाइड स्मिथ पर बेहद कम बढ़त मिली है। ध्यान रहे मिसिसिपी में करीब 40 साल से कोई डेमोक्रेट सीनेट नहीं पहुंचा है।

बहरहाल, अगर राज्यों की बात करें तो कुल 36 में से 34 राज्यों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें से 22 डेमोक्रेट्स और 12 रिपब्लिकन ने सीटें जीती हैं। दो राज्यों में अंतिम नतीजे आना बाकी है। इस बीच खबर है कि कन्सास और अलास्का में वोटों की गिनती में गड़बड़ी की शिकायत मिली है। न्याय विभाग ने कहा है कि वह इन शिकायतों पर नजर रख रहा है और गंभीरता से इनकी जांच होगी।