
Weather Update 17 September : देश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। जम्मू कश्मीर के गुरेज से लेकर उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब तक मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। बर्फबारी की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
19 सितंबर, 2026 के आसपास अंडमान सागर और उसके आस-पास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। बिहार में 50 लाख लोग अभी भी बाढ़ से प्रभावित है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और राजस्थान में बारिश का अलर्ट है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी के लिए हालात अनुकूल हो रहे हैं।
पिछले 24 घंटों में इन राज्यों में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और गुजरात में भारी बारिश दर्ज की गई। पश्चिम बंगाल, झारखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर में भी जमकर बारिश हुई। तमिलनाडु, गोवा और पुडुचेरी में भी तेज बारिश हुई।
कश्मीर में गिरा तापमान
उत्तरी कश्मीर की गुरेज घाटी के ऊंचे इलाकों में बुधवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। तुलैल घाटी की काबुल गली में ताजी बर्फ की परत जम गई और मौसम में तेजी से बदलाव देखा गया। दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्सों में लगातार बारिश से किसानों को राहत मिली है। बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आई है। ऊपरी इलाकों में बदलते मौसम को देखते हुए स्थानीय लोगों और यात्रियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
क्या है उत्तराखंड का हाल?
उत्तराखंड में स्थित हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी होने के साथ ही निचले क्षेत्रों में भी ठंड बढ़ गई है। वहीं, रुद्रप्रयाग जिले में बारिश और घने कोहरे के कारण प्रशासन ने पहाड़ी क्षेत्रों में आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। केदारनाथ घाटी में भी बारिश का दौर जारी है।


