UNI
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी वी सिंधु ने इंडिया ओपन से पहले अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का वादा किया था लेकिन वह बुधवार को पहले ही राउंड में वियतनाम की थुई लिन्ह एनगुएन से तीन गेमों के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 22-20, 12-21, 15-21 से हार गई। सिंधु ने इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कम्पलेक्स में यह मुकाबला एक घंटे आठ मिनट में गंवाया। सिंधु का खेल देखने पहुंचे भारतीय दर्शकों को अपनी बैडमिंटन स्टार की हार से भारी निराशा का सामना करना पड़ा।
अन्य मैचों में मालविका बंसोड़ चीनी ताईपे की पेई यू पो को 41 मिनट में 21-18, 21-19 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।एक अन्य मैच में मुख्य ड्रा में जगह पाने वाली तन्वी शर्मा दूसरी सीड चीन की वांग झी यी से 20-22, 21-18, 13-21 से हार कर बाहर हो गई।
यह मेरा दिन नहीं था, इस स्तर पर आप आसान मुकाबलों की उम्मीद नहीं कर सकते: सिंधू
पिछले हफ्ते मलेशिया ओपन सुपर 1000 के सेमीफाइनल में पहुंची सिंधू ने मैच के बाद कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि यह मेरा दिन था। उसके (एनगुएन के) खिलाफ खेलना आसान नहीं होता। उसके पास अच्छे शॉट हैं और आपको लय बरकरार रखनी होती है। अहम लम्हों में छोटी-छोटी गलतियां निर्णायक होती हैं और मैंने महत्वपूर्ण समय में गलतियां की।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे निश्चित रूप से अपने खेल में अधिक निरंतरता दिखाने की जरूरत है। मुझे विरोधी खिलाड़ी को आसान या लगातार अंक देने से बचना होगा। मुझे प्रत्येक अंक और रैली के बाद तुरंत अगले अंक के लिए तैयार रहना होगा। इसमें कोई कोताही नहीं बरती जा सकती।’’
#WATCH | Delhi | On losing match against Vietnam's TL Nguyen at India Open 2026 Badminton Championship, shuttler PV Sindhu says, “It was not my day. There were good rallies. At top-level tournaments, everyone does play well. After winning the first set, I lost the second game.… pic.twitter.com/XTSJ9QlNnc
— NewsMobile (@NewsMobileIndia) January 14, 2026
सिंधू ने कहा कि हार-जीत लगी रहती है और अब अगले टूर्नामेंट की तैयारी करने का समय है।उन्होंने कहा, ‘‘पहला गेम जीतने के बाद मैंने दूसरा गेम गंवा दिया। तीसरे गेम में स्कोर 11-10 था (एनगुएन के पक्ष में) लेकिन इसके बाद उसने दो या तीन अंक की बढ़त बनाई और फिर अंतर को बढ़ाती चली गई।’’
सिंधू ने कहा, ‘‘उसके पास गंवाने के लिए कुछ नहीं था इसलिए वह और खतरनाक हो गई। हार और जीत लगी रहती है और अब मुझे अगले टूर्नामेंट की तैयारी करनी होगी।’’सिंधू को एनगुएन के खिलाफ लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने कहा कि पिछले मुकाबलों के नतीजे मायने नहीं रखते।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हर कोर्ट अलग होता है। मैं तो यह कहूंगी कि हर शटल अलग होती है। कभी-कभी वे ड्रिफ्ट करती हैं तो कभी कोर्ट धीमा तो कभी तेज होता है। मैं शिकायत नहीं कर रही क्योंकि यह दोनों खिलाड़ियों के लिए एक जैसा है।’’
वियतनाम की खिलाड़ी ने कहा, ‘‘आज मैंने अच्छा किया। मैं हार या जीत के बारे में नहीं बोल रही लेकिन एक खिलाड़ी के रूप में मैंने अंत तक प्रयास किया जो महत्वपूर्ण है।’’
