
भारत का इलेक्ट्रिक स्कूटर बाजार आने वाले समय में और दिलचस्प होने वाला है। VinFast, Ultraviolette और Honda अपने नए इलेक्ट्रिक स्कूटर भारत में लाने की तैयारी कर रही हैं। तीनों कंपनियों के उत्पादों का फोकस अलग-अलग है। जहां VinFast भारतीय बाजार के लिए खास इलेक्ट्रिक स्कूटर विकसित कर रही है, वहीं Ultraviolette अपना पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर Tesseract लॉन्च करेगी। दूसरी ओर, Honda परिवार और रोजमर्रा की जरूरतों को ध्यान में रखकर QC3 इलेक्ट्रिक स्कूटर तैयार कर रही है।
1. VinFast Electric Scooter
वियतनाम की कंपनी VinFast भारत के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाजार में एंट्री की तैयारी कर रही है। कंपनी ने पहले ही 2026 की दूसरी छमाही में भारत में इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में उतरने की योजना की पुष्टि की थी। इसके लिए कंपनी स्थानीय सप्लायर्स के साथ मिलकर भारत की जरूरतों के मुताबिक स्कूटर विकसित कर रही है।
VinFast के आने वाले स्कूटरों में से एक का संबंध वियतनाम में बिकने वाले Viper से हो सकता है। भारत में दाखिल किए गए एक डिजाइन पेटेंट में स्पोर्टी डिजाइन वाला इलेक्ट्रिक स्कूटर दिखाई दिया है। इसमें बड़े पहिए, चौड़े टायर और हब-माउंटेड मोटर नजर आती है। पेटेंट वाले मॉडल में ट्विन-पॉड हेडलैंप और कुछ अलग बॉडी डिजाइन दिया गया है। हालांकि, VinFast ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि पेटेंट में दिखने वाला यही मॉडल भारत में लॉन्च किया जाएगा। वियतनाम में बिकने वाले मौजूदा Viper में 4.8 kWh बैटरी और 3 kW मोटर दी गई है।
ALSO READ: BGauss C12 MaxR Electric Scooter लॉन्च, 178 Km की रेंज और 75 Kmph की टॉप स्पीड, कीमत ₹1.45 लाख
2. Ultraviolette Tesseract
Ultraviolette Tesseract कंपनी के लिए बड़ा बदलाव लेकर आएगा, क्योंकि यह कंपनी का पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर होगा। इस फ्यूचरिस्टिक इलेक्ट्रिक स्कूटर को 2025 में पेश किया गया था और अब इसे 2027 की पहली तिमाही (Q1) में भारतीय बाजार में उतारे जाने की तैयारी है।
Tesseract में Ultraviolette ने नया 100V आर्किटेक्चर विकसित किया है। कंपनी के अनुसार इसका उद्देश्य बेहतर परफॉर्मेंस और तेज चार्जिंग क्षमता हासिल करना है। इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की कीमत 1.5 लाख रुपये से कम रहने की उम्मीद है। कंपनी ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में Tesseract का उत्पादन लगभग 10,000 यूनिट प्रति माह तक बढ़ाया जा सकता है।
उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए Ultraviolette ने Hosur में सालाना 2.5 लाख यूनिट क्षमता वाला नया प्लांट भी घोषित किया है। इसके साथ कंपनी प्रीमियम मोटरसाइकिलों से आगे बढ़कर ज्यादा वॉल्यूम वाले सेगमेंट में प्रवेश करने की तैयारी कर रही है।
3. Honda QC3
Honda भारत में अपने अगले इलेक्ट्रिक स्कूटर QC3 को पहले ही पेश कर चुकी है। Tesseract के मुकाबले QC3 का फोकस परफॉर्मेंस से ज्यादा परिवार और रोजमर्रा के इस्तेमाल पर है। Honda QC3 में 3 kWh बैटरी दी गई है और इसकी IDC रेंज करीब 150 किलोमीटर बताई गई है। कंपनी के मुताबिक स्कूटर की बैटरी को करीब 2 घंटे 40 मिनट में 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है। फैमिली यूज को ध्यान में रखते हुए इसमें 32 लीटर अंडर-सीट स्टोरेज, Smart Key और कनेक्टेड फीचर्स के साथ 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है।
Honda ने अभी QC3 की आधिकारिक कीमत का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, मौजूदा इंडस्ट्री अनुमानों के मुताबिक इसकी कीमत करीब 1.2 लाख रुपये हो सकती है। QC3 को कंपनी के मौजूदा Activa e: के साथ रखा जाएगा। Activa e: में दो स्वैपेबल बैटरी का सेटअप मिलता है और इसकी IDC रेंज 102 किलोमीटर है।


