इंदौर की अनिका शर्मा के लिए अब तक 8 करोड़ 23 लाख रुपए इकट्ठा हो गए हैं। अब माता-पिता को इंजतार है कि जिन्होंने राशि देने का वादा किया था वह भी जल्द राशि उपलब्ध करा दें तो उनकी बेटी का इलाज जल्द शुरू हो सकेगा।
दरअसल, इलाज के लिए 9 करोड़ रुपये की जरूरत है और 8.23 करोड़ रुपये जुटाए जा चुके हैं। 70 लाख रुपये की और मदद मिलते ही इलाज के लिए उसे इंजेक्शन लगाया जाएगा।
बता दें कि अनिका के लिए लंबे समय से राशि एकत्र करने का अभियान चल रहा है। अब तक जमा हुई यह राशि इंदौर निवासी उसके माता-पिता ने क्राउडफंडिंग के जरिए एकत्र की। कुछ एनजीओ ने भी इस काम में उनकी मदद की। अनिका को सबसे बड़ी मदद सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रतीक कवात्रा ने की है। उन्होंने 1 करोड़ रुपए से अधिक की राशि दी है। इलाज के लिए माता-पिता ने इंदौर से भी 3 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि जुटाई थी। इसके बाद उन्होंने दूसरे शहरों का रुख किया और वहां से भी राशि एकत्र की।
वजन नहीं बढ़ने देने की थी चुनौती : अनिका को जो इंजेक्शन लगना है, उसके लिए मेडिकल शर्त यह थी कि बच्ची का वजन 13 किलो से ज्यादा न हो। इस कारण माता-पिता बच्ची को लिक्विड डाइट पर रख रहे थे, लेकिन परिवार के पास समय कम था, क्योंकि वजन नियंत्रित रखने के प्रयास में कनिका को कमजोरी भी आ रही थी। हालांकि, इससे पहले ही आवश्यक राशि लगभग जुट चुकी है। इससे अनिका की मदद के लिए जुटे लोगों ने राहत की सांस ली है।
कोर्ट ने कहा था लाड़ली बहना नहीं है : अनिका को तय समय-सीमा में मदद नहीं मिलने पर परिजनों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इस मामले में दूसरी बार सुनवाई हुई। इस दौरान कनिका के वकीलों के तर्क सुनने के बाद हाईकोर्ट ने सरकारी वकील से कड़े शब्दों में पूछा कि क्या यह बच्ची प्रदेश की लाड़ली बहना नहीं है? अब इस मामले की अगली सुनवाई 22 जून को होगी।
Edited By: Naveen R Rangiyal
