दक्षिण अफ्रीका की जीत और ऑस्ट्रेलिया की हार से क्या भारत को हुआ फायदा?

AUSvsSA दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन गुरुवार को यहां ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 295 रन पर समेटकर पारी और 31 रन से जीत दर्ज कर तीन मैचों की शृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली।विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025 का फाइनल खेल चुकी दोनों टीमों के बीच तीसरा और निर्णायक टेस्ट मंगलवार से केपटाउन में खेला जाएगा।

पहली पारी में 99 रन पर आउट होने के बाद फॉलोऑन खेलने को मजबूर हुई ऑस्ट्रेलिया ने पांचवें दिन अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 156 रन से आगे बढ़ाई। पिछले दिन 87 रन पर नाबाद रहे बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने 121 रन की शतकीय पारी खेली, लेकिन उनका यह प्रयास टीम को बड़ी हार से बचाने के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुआ।

डब्ल्यूटीसी की मौजूदा चैंपियन दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 425 रन बनाकर घोषित की थी। कप्तान तेम्बा बावुमा ने 179 रन का योगदान दिया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मार्को यानसन ने पहली पारी में 85 रन बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में पांच विकेट झटके। उन्होंने दूसरी पारी में भी एक विकेट हासिल किया।

क्या भारत को फायदा हुआ?

हालांकि अब बात यह उठती है कि क्या दक्षिण अफ्रीका की इस जीत से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंकतालिका में भारत को फायदा हुआ या होगा। जवाब है ना के बराबर क्योंकि ऑस्ट्रेलिया दक्षिण अफ्रीका से हारा है जिसने भारत को घर पर ही 2-0 से सूपड़ा साफ किया था। बराबरी के सीरीज नतीजे भारत को यहां खलेंगे। तीसरा टेस्ट कोई सी भी टीम जीते नतीजा 2-1 ही होना है। यह भी भारत के लिए कोई खास खबर नहीं होगी। ड्रॉ भारत के लिए एक और बुरी खबर होगी।

फिलहाल मुकाबला 3 टीमों ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच लग रहा है। भारत के लिए 7 में से जो 2 सबसे ज्यादा मुश्किल मुकाबले हैं वह न्यूजीलैंड के खिलाफ ही देखने को मिलेंगे। ऑस्ट्रेलिया भारतीय धरती पर बोर्डर गावस्कर ट्रॉफी खेलेगी।

अच्छी बात यह है कि ऑस्ट्रेलिया को दक्षिण अफ्रीका से और फिर न्यूजीलैंड से खेलना है। ऑस्ट्रेलिया न्यूजीलैंड को एकतरफा हरा देती है तो भारत के दो कांटे साफ कर देगी। बस उसे भारत से 0-4 या 0-5 से हारना होगा।

भारत की स्थिति पर एक नजर:

टेस्ट 11
जीत 5
हार 4
ड्रॉ 2
अंक प्रतिशत 51.51

आगामी सीरीज़:

न्यूज़ीलैंड (विदेशी धरती पर) 2 टेस्ट
ऑस्ट्रेलिया (घरेलू धरती पर) 5 टेस्ट