
जून 2020 में हुई सेलिब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान की संदिग्ध मौत के मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट के कड़े रुख के बाद एक बड़ा मोड़ आया है। घटना के लगभग 6 साल बाद अदालत की फटकार और मुंबई पुलिस की जांच में मिली खामियों को देखते हुए, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इस मामले में औपचारिक FIR दर्ज कर नए सिरे से जांच शुरू कर दी है।
दिशा के परिवार द्वारा हत्या और गंभीर साजिश के आरोपों के बाद दर्ज हुई इस FIR से राजनीतिक और बॉलीवुड गलियारों में फिर हलचल तेज हो गई है। दिशा के पिता सतीश सालियान ने CBI में दर्ज कराए अपने बयान में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे, अभिनेता सूरज पंचोली और डिनो मोरिया समेत कुछ बॉडीगार्ड्स के नाम दिए हैं, जिन्हें जांच के दायरे में लाने की मांग की गई है। इस मामले का सबसे संवेदनशील पहलू अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से इसका कनेक्शन माना जा रहा है। दिशा, सुशांत की पूर्व मैनेजर थीं और उनकी मौत 8 जून 2020 को मालाड की एक इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से हुई थी। इसके ठीक 6 दिन बाद 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत भी अपने बांद्रा स्थित घर में मृत पाए गए थे। दोनों मौतों की टाइमिंग और बैक-टू-बैक हुई घटनाओं के बाद से ही यह सवाल उठते रहे हैं कि क्या दोनों मामलों के तार आपस में जुड़े हैं। अब CBI की यह नई एफआईआर दिशा की मौत के पीछे का सच और सुशांत केस से जुड़ी कड़ियों को सुलझाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
गैंगरेप, हत्या और सबूतों से छेड़छाड़ पर जांच: बता दें कि बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देश के बाद CBI ने इस मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी। FIR की कॉपी में ऐसे कई गंभीर दावे और बिंदु दर्ज हैं, जिनकी जांच सीबीआई करेगी। इनमें गैंगरेप और हत्या से लेकर सबूतों से छेड़छाड़, पुलिस रिकॉर्ड में बदलाव और दिशा के मोबाइल फोन से जुड़ी कई गड़बड़ियां और आरोप शामिल हैं। दिशा के पिता सतीश सालियान ने भी CBI अधिकारियों के सामने चार घंटे से ज्यादा समय तक अपना बयान दर्ज कराया। वे अपने वकील नीलेश ओझा के साथ CBI अधिकारियों के सामने पहुंचे थे। सतीश सालियान पहले भी अपनी बेटी की मौत को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि दिशा के साथ गैंगरेप किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। अपने बयान और याचिका में उन्होंने कुछ प्रभावशाली लोगों और पुलिसकर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए थे।
क्या है एफआईआर की कॉपी : FIR की कॉपी में कहा गया है कि दिशा सालियान की मौत से जुड़े मुख्य अपराध, कथित आपराधिक साजिश, बाद में बनाई और प्रचारित की गई कथित झूठी आत्महत्या की कहानी और सबूतों को दबाने, नष्ट करने या उनमें कथित हेरफेर की जांच जरूरी है।
जांच में किन लोगों के नाम : जिन लोगों की भूमिका की जांच की बात FIR में कही गई है, उनमें उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ठाकरे, रोहन रॉय, डिनो मोरिया, सूरज पंचोली, आदित्य ठाकरे के बॉडीगार्ड, एक्टर रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, सचिन वाजे, परमबीर सिंह, तत्कालीन DCP विशाल ठाकुर, उद्धव ठाकरे, अनिल देशमुख, API अशोक देवढे, PI जगदेव कलापाड़, PI शैलेंद्र नागरकर, PI चिमाजी अढ़ाव, PI अर्जुन रजाने और मालवानी पुलिस स्टेशन के संबंधित अधिकारी शामिल हैं।
2020 में हुई थी दिशा की संदिग्ध मौत : दिशा सालियान सेलिब्रिटी मैनेजर थीं और उन्होंने कुछ समय के लिए दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के साथ भी काम किया था। 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक हाईराइज बिल्डिंग से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। इसके कुछ ही दिनों बाद 14 जून 2020 को सुशांत 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हुई थी, जिसके चलते दोनों मामलों को लेकर लंबे समय से कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं।


