Bonus Share: हर शेयर पर एक नया शेयर फ्री, रिकॉर्ड डेट 4 नवंबर; IPO प्राइस से 68% ऊपर है कीमत

बायोफार्मा कंपनी कॉनकॉर्ड बायोटेक अपने शेयरहोल्डर्स को बोनस शेयर बांटने वाली है। इस कॉरपोरेट एक्शन के तहत शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर एक शेयर पर एक नया शेयर बोनस के तौर पर मिलेगा। शेयरहोल्डर्स की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट 4 नवंबर है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में दर्ज होंगे, वे बोनस शेयर पाने के हकदार होंगे।

बोनस शेयरों के अलॉटमेंट की तारीख 5 नवंबर है। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 500 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर 1245.30 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप 13000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। कॉनकॉर्ड बायोटेक में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 44.09 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।

Concord Biotech का शेयर IPO प्राइस से 68 प्रतिशत ऊपर

शेयर एक महीने में 9 प्रतिशत टूटा है। एक साल में कीमत 14 प्रतिशत नीचे आई है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 1,614.05 रुपये और एडजस्टेड लो 987.05 रुपये है। कॉनकॉर्ड बायोटेक अगस्त 2023 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 1,550.52 करोड़ रुपये का था। शेयर की कीमत इस वक्त इश्यू प्राइस से 68 प्रतिशत ऊपर है।

IGL Q2 Results: मुनाफा 93% गिरा, औसत दैनिक गैस बिक्री पहली बार 10 mmscmd के पार; शेयर में दिख सकती है बड़ी उठापटक

कंपनी की वित्तीय सेहत

जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में कॉनकॉर्ड बायोटेक का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा (कंपनी के मालिकों के लिए) सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 70.65 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 63.58 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 309 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 247 करोड़ रुपये था।

अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 129.18 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले समान अवधि में मुनाफा 107.64 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 566.56 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सितंबर 2025 छमाही में 451 करोड़ रुपये था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।