LPG Cylinder Price 2 November 2026: नवंबर महीने की शुरुआत के साथ ही एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अगर आप दिल्ली-NCR में रहते हैं और हर महीने गैस सिलेंडर की कीमतों पर नजर रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। फिलहाल, घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत फिलहाल स्थिर है। लेकिन कमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हो गया है। 1 नवंबर से लागू नई कीमतों के बाद 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर का दाम गुरुग्राम में बढ़कर 2,828 रुपये हो गया है। हालांकि, दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 10 रुपये महंगा होकर 2,820 रुपये पर है। जबकि चेन्नई में सबसे ज्यादा 11.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
दूसरी तरफ, घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमत में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। ऐसे में आम परिवारों को तत्काल राहत जरूर मिली है। इसका मतलब है कि फिलहाल घरों में खाना बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर पिछले महीने के दाम पर ही मिल रहा है। दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये बनी हुई है। मुंबई में 941.50 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये चुकाने होंगे। लेकिन होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे कारोबारियों का गैस खर्च बढ़ गया है।
कमर्शियल एलपीजी के महंगे होने से आपकी जेब पर कितना असर पड़ेगा?
गुरुग्राम में LPG सिलेंडर के ताजा रेट
घरेलू सिलेंडर (14.2 किलो)
₹950.50
कमर्शियल सिलेंडर (19 किलो)
₹2,828
घरेलू सिलेंडर (5 किलो)
₹354
कमर्शियल सिलेंडर (47.5 किलो)
₹7,065.50
दिल्ली-एनसीआर में कितने रुपये में मिल रहा गैस सिलेंडर?
अगर आप गुरुग्राम के अलावा दिल्ली और फरीदाबाद में रहते हैं, तो वहां के घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत भी जान लीजिए:-
शहर घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर
- गुरुग्राम ₹950.50
- नई दिल्ली ₹942
- फरीदाबाद ₹943.50
गुरुग्राम की कीमत दिल्ली से 8.50 रुपये अधिक है। फरीदाबाद के लिए उपलब्ध अक्टूबर की शहरवार सूची में 943.50 रुपये दर्ज हैं।
1 नवंबर से कमर्शियल सिलेंडर पर कितनी बढ़ोतरी हुई?
रविवार 1 नवंबर को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई। हालांकि, घरों में इस्तेमाल होने वाली रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पेट्रोलियम कंपनियों के मुताबिक, होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले कमर्शियल एलपीजी की कीमत भी 10 रुपये बढ़ाकर 2,820 रुपये कर दी गई है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे पहले एक अक्टूबर को इसकी कीमत में 62.50 रुपये का इजाफा किया गया था। सितंबर में भी सिलेंडर 9.50 रुपये महंगा हुआ था।
हालांकि, इससे पहले जुलाई और अगस्त में कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में क्रमशः 183.50 रुपये और 192 रुपये की कटौती की गई थी। जून में अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में तेजी और आपूर्ति संबंधी बाधाओं के कारण कमर्शियल एलपीजी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए थे। फरवरी से जून के बीच 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में कुल 1,373 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इस दौरान कीमत 1,740.50 रुपये से बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई थी।
पेट्रोलियम कंपनियां एलपीजी की कीमतों की हर महीने की पहली तारीख को समीक्षा करती हैं। इनकी कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार में संबंधित उत्पादों के बेंचमार्क भाव और रुपये-डॉलर की कीमतों के आधार पर तय होती हैं। राज्यों में स्थानीय टैक्स, विशेषकर वैट के कारण कीमतों में अंतर भी रहता है। दूसरी ओर, घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये पर स्थिर रखी गई है। पेट्रोल और डीजल के दाम में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है।

