
भोपाल। राजधानी भोपाल में नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। रहवासी क्षेत्रों में संचालित कमर्शियल दुकानों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर उतर आए। व्यापारियों ने न्यू मार्केट स्थित रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर जमकर नारेबजी की।
व्यापारियों का आरोप है कि नगर निगम द्वारा लंबे समय से संचालित दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अचानक सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि कार्रवाई से छोटे और मध्यम व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने भोपाल के मास्टर प्लान को लागू करने की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि शहर में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर स्पष्ट नीति बनाई जानी चाहिए और मौजूदा कारोबार को नियमित करने का रास्ता निकाला जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की भी कोशिश की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान व्यापारियों औऱ पुलिस कर्मियों के बीच झूमाझटकी भी हुई।
भोपाल मं सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद कार्रवाई- रहवासी क्षेत्रों में कर्मिशयल एक्टिविटी को लेकर सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद भोपाल नगर निगम की ओर से रहवासी क्षेत्रों में संचालित कमर्शियल दुकानों और व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद की जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि वे न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हैं, लेकिन कार्रवाई से पहले उन्हें पर्याप्त समय दिया जाना चाहिए और शहर के मास्टर प्लान के अनुरूप व्यावसायिक गतिविधियों को नियमित करने का विकल्प दिया जाना चाहिए। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सीलिंग कार्रवाई पर रोक लगाकर उनकी मांगों पर सरकार और प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।


