भाजपा विधायक ने समधी पर दर्ज कराई FIR, दामाद पर लगाया 25 से ज्यादा शादी करने का आरोप

bjp mla gyan tiwari with daughter

भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने सीतापुर में अपने समधी अनुज त्रिवेदी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। अनुज त्रिवेदी पर शादी के नाम पर 25 महिलाओं से ठगी किए जाने का आरोप है। 2 दिन पहले विधायक बेटी के साथ सोशल मीडिया पर सामने आए थे। उन्होंने समधी के साथ रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया था। 

 

रेउसा थाने की पुलिस ने धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विधायक ने एफआईआर में बताया है कि उनकी बेटी की शादी अनुज त्रिवेदी के बेटे प्रखर के साथ 14 फरवरी 2024 को की थी।

 

शादी समारोह में करीब 15 हजार लोग शामिल हुए थे। तहरीर के मुताबिक शादी की बातचीत के दौरान अनुज ने अपने कारोबार को रियल स्टेट का कारोबारी बताया था और कहा था कि वह महाराष्ट्र के मुंबई में कारोबार करता है। शादी से पहले अनुज और उनके बेटे प्रखर के बारे में स्थानीय स्तर पर जानकारी भी ली गई थी।

उन्होंने कहा कि प्रखर त्रिवेदी के विद्यालय एवं खेती-बागवानी का काम देखने वाले लोगों के साथ-साथ स्व. सांसद जनार्दन मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष विपिन मिश्रा और आदित्य सिंह समेत स्थानीय लोगों से भी उसके बारे में जानकारी ली गई थी। सभी ने उसे संपन्न व्यवसायी और सामाजिक रूप से प्रतिष्ठित व्यक्ति बताया था।

 

विधायक ने आरोप लगाया कि शादी के करीब ढाई साल बाद सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी हुई कि अनुज त्रिवेदी के खिलाफ महाराष्ट्र समेत अन्य स्थानों पर धोखाधड़ी और चीटिंग के मुकदमे दर्ज हैं। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि अनुज ने उनसे झूठ बोलकर अपने कारोबार और तथ्यों को छिपाते हुए उनके घर में शादी की।