Kanpur Crime News: कानपुर के कल्याणपुर बाजार में त्योहार की खरीदारी और सजने-संवरने के लिए पहुंची महिलाओं को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय महिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गणपति मार्केट स्थित बुटीक में मेहंदी लगवाने गई भाजपा के पूर्व युवा मोर्चा जिला मंत्री की पत्नी के पर्स से सोने का कंगन चोरी करने वाली तीन महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की रहने वाली हैं। इनके पास से चोरी किया गया सोने का कंगन और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों त्योहार के दौरान कल्याणपुर बाजार में एक और वारदात करने की फिराक में थीं। पूछताछ में इनके दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

