‘बैंक फिट, इकॉनमी हिट…’ अर्थव्यवस्था पर वित्तमंत्री का बड़ा बयान, बोलीं- ‘भारत को अपनी ताकत पर होना चाहिए गर्व’

Nirmala Sitharaman on Indian Economy: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने देश की आर्थिक सेहत पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत के बाजारों और अर्थव्यवस्था की मजबूती यहां के लोगों की मेहनत, बड़े घरेलू बाजार और मध्यम वर्ग की बढ़ती क्रय शक्ति पर टिकी है।

वित्त मंत्री ने जोर देकर कहा कि देश को अपनी आर्थिक ताकत और संभावनाओं पर अधिक भरोसा और आशावाद दिखाने की जरूरत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के बैंक बेहद अच्छी स्थिति में हैं और भारतीय अर्थव्यवस्था पूरी तरह से मजबूत बनी हुई है।

वित्त मंत्री के भाषण की 5 बड़ी बातें

1. अर्थव्यवस्था और राजनीतिक स्थिरता मजबूत आधार

वित्त मंत्री ने कहा कि देश में राजनीतिक स्थिरता और सरकार का गरीबी उन्मूलन के प्रति लगातार प्रयास भारतीय अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूती दे रहे हैं। उन्होंने ईंधन की समय पर उपलब्धता का हवाला देते हुए कहा कि देश में सप्लाई चेन पूरी तरह दुरुस्त है।

2. मध्यम वर्ग की बढ़ती ताकत

सीतारमण ने कहा कि देश का बढ़ता हुआ मध्यम वर्ग और उसकी बढ़ती क्रय शक्ति अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जो हर चुनौती के बीच देश की आर्थिक लचीलेपन को बनाए रखती है।

3. 2047 तक ‘सभी के लिए बीमा’ सरकार की प्राथमिकता

वित्त मंत्री ने दोहराया कि साल 2047 तक देश के हर नागरिक तक बीमा कवरेज पहुंचाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है। इसे सुलभ बनाने के लिए सरकारी योजनाओं के तहत प्रीमियम को बेहद कम रखा गया है। साथ ही समाज के हर वर्ग तक आसानी से क्रेडिट पहुंचना वित्तीय समावेशन की मुख्य प्राथमिकता है।

4. AI और युवाओं की स्किलिंग पर जोर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में बदलते कामकाज को लेकर वित्त मंत्री ने चिंता के साथ समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं को एआई-प्रेरित नौकरियों के लिए तैयार करने वास्ते स्किलिंग पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है ताकि वे भविष्य की चुनौतियों से निपट सकें।

5. बॉन्ड यील्ड पर एसबीआई रिसर्च की रिपोर्ट

एसबीआई रिसर्च की एक रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि संभावित दर बढ़ोतरी के बावजूद मार्च तक भारत का 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड नरम होकर 6.75% से 7% के दायरे में आ सकता है।