
भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज कोना श्रीकर भरत ने गुरूवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की।भरत ने 2023-2024 के बीच भारत के लिए सात टेस्ट मैच खेले, जिसमें विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 2023 भी शामिल है।बत्तीस साल के भरत ने फरवरी 2023 में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पदार्पण किया और इसके एक साल बाद उन्होंने विशाखापत्तनम में इंग्लैंड के खिलाफ देश के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला। उन्होंने कुल 221 रन बनाए जिसमें उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 44 रन रहा।
भरत ने गुरूवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘गर्व और कृतज्ञता की भावना के साथ मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करता हूं। अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेरी इस यात्रा में बहुत अधिक सहनशक्ति और ताकत की जरूरत पड़ी लेकिन टेस्ट मैच में भारत का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान हर पल के लायक था। चार लोगों के हमारे परिवार में हम सभी ने दो दशक तक एक ही सपना जिया।’’
#TeamIndia wicket-keeper batter KS Bharat has announced his retirement from international cricket.
Wishing him the very best for the road ahead and all his future endeavours @KonaBharat pic.twitter.com/hhuDTBr6rj
— BCCI (@BCCI) June 5, 2026
भरत ने कहा, ‘‘मेरी बहन, मां और पिताजी को दिल से धन्यवाद जिन्होंने मेरे लिए ऐसा माहौल और समर्थन तैयार किया। मैं उनके प्यार, अनुशासन और कड़ी मेहनत का ही नतीजा हूं।’’
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने घरेलू क्रिकेट में आंध्र का प्रतिनिधित्व किया। वह रणजी ट्रॉफी में तिहरा शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। उन्होंने 2014-2015 में गोवा के खिलाफ आंध्र के लिए 311 गेंद में 308 रन बनाए थे। यह आंध्र के किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया पहला तिहरा शतक था।
भरत ने भारत के पूर्व कप्तानों विराट कोहली और रोहित शर्मा को भी धन्यवाद दिया। इन्हीं दोनों कप्तानों की अगुवाई में उन्होंने आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का भी आभार जताया।
भरत ने लिखा, ‘‘आईपीएल पदार्पण के दौरान मेरे कप्तान विराट कोहली को बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने मुझे अपनी प्रतिभा दिखाने और पहचान बनाने का मौका दिया।’’
उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को भी बहुत-बहुत धन्यवाद जिनके नेतृत्व में मैंने टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया। यह अनुभव मेरे लिए अनमोल है और इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।’’
भरत ने लिखा, ‘‘मेरे भारतीय कोच राहुल द्रविड़ सर को भी धन्यवाद। भारत ए टीम से लेकर भारतीय टीम तक उनका मार्गदर्शन मेरे लिए अविस्मरणीय रहा है। आपके सहयोग से ही मैं एक भारतीय टेस्ट क्रिकेटर बन पाया।’’
भरत ने आईपीएल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेला जबकि 2022 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया।

