लिस्टिंग के बाद पहले रिजल्ट पर झूमे शेयर, Q2 में प्रॉफिट डबल का जश्न, दोगुना हुआ IPO निवेशकों का पैसा

BLS Polymers Share Price: स्पेशलाइज्ड प्लास्टिक और पॉलिमर कंपाउंड बनाने वाली कंपनी बीएलएस पॉलीमर्स के शेयर सितंबर तिमाही के धमाकेदार कारोबारी नतीजे पर झूम उठे। लिस्टिंग के बाद पहली बार कंपनी ने अपना रिजल्ट पेश किया। कंपनी का मुनाफा दोगुना से अधिक बढ़ा तो शेयर 8% से अधिक उछलकर रिकॉर्ड हाई पहुंच गए। कंपनी ने एक कारोबारी दिन पहले इक्विटी मार्केट का कारोबार बंद होने के बाद शाम में अपने नतीजे पेश किए थे और अब आज मार्केट खुलने पर शेयरों ने जश्न मनाया।

ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली के बावजूद यह काफी मजबूत बढ़त बनाए हुए है। फिलहाल बीएसई पर यह 3.01% की बढ़त के साथ ₹289.45 पर है। इंट्रा-डे में यह 8.17% उछलकर ₹303.95 तक पहुंच गया था।

BLS Polymers के लिए कैसी रही सितंबर तिमाही

बीएलएस पॉलीमर्स के लिए सितंबर 2026 तिमाही धमाकेदार रही। सितंबर 2026 तिमाही में बीएलएस पॉलीमर्स का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 130.44% उछलकर ₹10.54 करोड़ पर पहुंच गया तो इस दौरान कंपनी का ऑपरेशंस से रेवेन्यू 28.93% बढ़कर ₹125.56 करोड़ हो गया। ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी का परफॉरमेंस दमदार रहा। इस दौरान कंपनी का ईबीआईटीडीए 152.37% बढ़कर ₹16.33 करोड़ और मार्जिन 6.64% से 13% पर पहुंच गया।

अब तक कैसी रही बीएलएस पॉलीमर्स के शेयरों की चाल?

बीएलएस पॉलीमर्स के शेयरों ने निवेशकों की तगड़ी कमाई कराई है। आईपीओ निवेशकों को इसके शेयर ₹150 के भाव पर जारी हुए हैं, जिसकी 3 नवंबर 2026 को बीएसई पर 62% से अधिक तो एनएसई पर 65% से अधिक प्रीमियम पर एंट्री हुई थी। धांसू एंट्री के बाद शेयर ऊपर भागे और आज 19 नवंबर 2026 को यह ₹303.95 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशकों का पैसा दोगुने से अधिक हो गया। इसके आईपीओ को भी हर कैटेगरी के निवेशकों का धांसू रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 241 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ था, जिसमें खुदरा निवेशकों का हिस्सा तो 128 गुना से अधिक भरा था।

कंपनी के कारोबार की बात करें तो इसके प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल बिजली के तारों, इंटरनेट केबल, पानी की पाइपलाइन और तेल-गैस इंडस्ट्री में होता है। इसके प्रोडक्ट्स का भारत के अलावा बांग्लादेश, मिस्र, सऊदी अरब, यूएई, अमेरिका और जाम्बिया जैसे देशों को निर्यात भी होता है।

Infosys और NTT Docomo ने मिलाया हाथ, जापान में बनाएंगे खास मेटावर्स, शेयरों को रास नहीं आई डील?

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।