SCSS vs SBI FD: ₹10 लाख से ₹30 लाख का निवेश, 5 साल में कहां मिलेगा ज्यादा ब्याज? समझिए पूरा कैलकुलेशन

SCSS vs SBI FD: रिटायरमेंट के बाद नियमित कमाई के लिए सीनियर सिटीजंस के पास निवेश के कई विकल्प हैं। इनमें सीनियर सिटीजन्स सेविंग्स स्कीम (SCSS) और बैंक एफडी काफी लोकप्रिय हैं। दोनों में निवेश पर ब्याज मिलता है। हालांकि, ब्याज दर में अंतर होने से कमाई भी अलग-अलग होती है।

फिलहाल SCSS पर 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की 5 साल की सीनियर सिटीजन एफडी पर ब्याज दर 7.05% है। ऐसे में सवाल है कि अगर कोई बुजुर्ग 10 लाख, 20 लाख या 30 लाख रुपये निवेश करता है, तो उसे किस स्कीम में ज्यादा कमाई होगी?

SCSS और SBI FD में क्या अंतर है?

दोनों स्कीम की अवधि 5 साल है। हालांकि, इनके नियम और सुविधाएं अलग हैं। SCSS में अधिकतम 30 लाख रुपये निवेश किए जा सकते हैं। इस पर ब्याज हर तीन महीने में मिलता है। यह भारत सरकार की बचत योजना है।

दूसरी तरफ, SBI की सीनियर सिटीजन एफडी में निवेश की अधिकतम सीमा नहीं है। इसमें निवेशक अपनी जरूरत के मुताबिक मासिक, तिमाही या मैच्योरिटी पर ब्याज लेने का विकल्प चुन सकते हैं।

खासियतSCSS
SBI सीनियर सिटीजन FD

ब्याज दर8.20%7.05%
अवधि5 साल5 साल
अधिकतम निवेश₹30 लाखकोई सीमा नहीं
ब्याज भुगतानहर तिमाही
मासिक, तिमाही या मैच्योरिटी पर

सरकारी समर्थनभारत सरकारSBI बैंक

₹10 लाख के निवेश पर कहां ज्यादा कमाई?

अगर कोई सीनियर सिटीजन 10 लाख रुपये निवेश करता है, तो SCSS में सालाना 82,000 रुपये ब्याज मिलेगा। वहीं, SBI एफडी में यह कमाई 70,500 रुपये होगी। यानी SCSS में हर साल 11,500 रुपये ज्यादा मिलेंगे।

₹20 लाख और ₹30 लाख पर कितना मिलेगा ब्याज?

20 लाख रुपये के निवेश पर SCSS से सालाना 1.64 लाख रुपये ब्याज मिलेगा। SBI एफडी में यह रकम 1.41 लाख रुपये होगी। दोनों के बीच सालाना 23,000 रुपये का अंतर रहेगा।

वहीं, 30 लाख रुपये निवेश करने पर SCSS से सालाना 2.46 लाख रुपये और SBI एफडी से 2.11 लाख रुपये ब्याज मिलेगा। यहां SCSS से हर साल 34,500 रुपये ज्यादा कमाई होगी।

निवेश राशिSCSS (8.2%)SBI FD (7.05%)
सालाना अतिरिक्त ब्याज

₹10 लाख₹82,000₹70,500₹11,500
₹20 लाख₹1,64,000₹1,41,000₹23,000
₹30 लाख₹2,46,000₹2,11,500₹34,500

किस स्कीम में निवेश करना बेहतर?

अगर ब्याज दर के हिसाब से देखें, तो तीनों निवेश रकम पर SCSS में ज्यादा कमाई होगी। इसलिए अगर आप नियमित तिमाही कमाई चाहते हैं, तो यह काफी बेहतर विकल्प हो सकता है।

हालांकि, अगर किसी को 30 लाख रुपये से ज्यादा निवेश करना है, तो SBI एफडी पर विचार किया जा सकता है। इसमें निवेश की अधिकतम सीमा नहीं है। 80 साल या उससे ज्यादा उम्र के सुपर सीनियर सिटीजंस को SBI की तय दरों के अनुसार 0.10% अतिरिक्त ब्याज भी मिलता है।

27 साल के IT प्रोफेशनल ने 6 साल में ₹1.5 करोड़ की नेटवर्थ बनाई, ₹45 हजार की सैलरी से की थी शुरुआत

Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी निवेश, लोन, टैक्स, बीमा या दूसरे वित्तीय फैसले लेने से पहले संबंधित एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल किसी भी फाइनेंशियल प्रोडक्ट या सर्विस की सिफारिश नहीं करता।