Tata Sons IPO: टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर RBI ने एक बार फिर अपना रुख साफ किया है। CNBC-TV18 के सूत्रों के मुताबिक, RBI ने 16 नवंबर को टाटा संस के CFO को एक पत्र भेजा है। इसमें पूछा गया है कि क्या कंपनी अपर लेयर NBFC के सभी नियमों का पालन करेगी। पत्र में अनिवार्य लिस्टिंग की शर्त पर खास जोर दिया गया है।
सूत्रों का कहना है कि टाटा संस ने 6 अक्टूबर को RBI को पत्र लिखकर कुछ दिशा-निर्देश मांगे थे। अब केंद्रीय बैंक ने उसी का जवाब दिया है। RBI का कहना है कि टाटा संस ने किसी खास नियम को लेकर सवाल नहीं पूछा था। हालांकि, कंपनी के बोर्ड में लिस्टिंग को लेकर हुई चर्चा से यह संकेत मिलता है कि वह इसी मुद्दे पर जवाब चाहती थी।
टाटा संस की लिस्टिंग जरूरी क्यों है
टाटा संस को RBI ने सितंबर 2022 में अपर लेयर NBFC की कैटेगरी में रखा था। इस कैटेगरी में आने वाली कंपनियों के लिए शेयर बाजार में लिस्ट होना जरूरी है। इसका मकसद ऐसी बड़ी वित्तीय कंपनियों पर निगरानी बढ़ाना, उनके कामकाज में पारदर्शिता लाना और निवेशकों के हितों की सुरक्षा करना है।
लिस्टिंग के बाद कंपनी को अपनी वित्तीय स्थिति और कारोबार से जुड़ी जानकारियां सार्वजनिक करनी होंगी। हालांकि, टाटा संस लिस्टिंग से बचने के लिए खुद को प्राइवेट बनाए रखने के विकल्प तलाश रही है।
टाटा ग्रुप की कंपनियों की हिस्सेदारी कितने की?
अगर टाटा संस की कुल इक्विटी वैल्यू ₹10 लाख करोड़ मानी जाए, तो ग्रुप की अलग-अलग कंपनियों की हिस्सेदारी की कीमत काफी बड़ी बैठती है। इसमें Tata Chemicals की हिस्सेदारी की कीमत उसके अपने मार्केट कैप से भी ज्यादा हो जाती है। यही वजह है कि RBI के लेटर के बाद उसका शेयर मंगलवार को इंट्राडे में 9% से ज्यादा उछल गया।
| कंपनी | टाटा संस में हिस्सेदारी | हिस्सेदारी की अनुमानित वैल्यू | कंपनी के मार्केट कैप का हिस्सा |
Tata Chemicals | 2.53% | ₹25,300 करोड़ | 154% |
Tata Motors PV | 3.06% | ₹30,600 करोड़ | 31% |
| Tata Power | 1.65% | ₹16,500 करोड़ | 15% |
| Tata Steel | 3.06% | ₹30,600 करोड़ | 13.50% |
Indian Hotels Company | 1.11% | ₹11,100 करोड़ | 8.70% |
Tata Consumer Products | 0.43% | ₹4,300 करोड़ | 3.90% |
टाटा संस की लिस्टिंग पर किसका क्या रुख?
टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66% हिस्सेदारी है। ट्रस्ट्स कंपनी की लिस्टिंग के पक्ष में नहीं है। वह टाटा संस को प्राइवेट कंपनी बनाए रखना चाहता है। इसके लिए उसने एक पुनर्गठन योजना भी पेश की है। इसमें दो सब्सिडियरी कंपनियों का टाटा संस में विलय करने का प्रस्ताव है।
दूसरी तरफ, शापूरजी पलोनजी ग्रुप की टाटा संस में 18.4% हिस्सेदारी है। यह ग्रुप कंपनी की लिस्टिंग का समर्थन करता है। टाटा संस के बोर्ड की अगली बैठक 26 नवंबर को होनी है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

