Rahul Gandhi News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार (17 नवंबर) को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के समर्थकों के मन में भय, क्रोध और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक ‘सच्चे हिंदू’ के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वह इन लोगों को इस जाल से मुक्त करें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की सुंदरता तथा आनंद का अनुभव कर सकें।
कांग्रेस नेता ने अपनी मां सोनिया गांधी की आत्मकथा के विमोचन समारोह के दौरान की गई अपनी कुछ टिप्पणियों की सत्तापक्ष के समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया में की जा रही आलोचनाओं के बाद यह बयान दिया। राहुल गांधी ने X पर अपनी पोस्ट के साथ भगवान शिव और माता पार्वती के उमा-महेश्वर स्वरूप को दर्शाती एक तस्वीर भी शेयर की।
‘एक सच्चे हिंदू के तौर पर मेरा कर्तव्य है….’
राहुल गांधी ने X पर लिखा, “भय, क्रोध और नफरत ने भाजपा और आरएसएस के समर्थकों के दिलों में एक ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है।” उन्होंने आगे कहा, “एक सच्चे हिंदू के तौर पर मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें।”
कांग्रेस नेता ने पोस्ट के अंत में ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ भी लिखा। राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी और मां सोनिया गांधी के बीच प्रेम का उल्लेख करते हुए कहा था कि उन्होंने अपने परिवार में यह देखा था कि ‘हर बार खाना खाते समय पापा की गोद में मां बैठती थीं। मुझे लगता था कि यह सामान्य बात है।
राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के बारे में क्या कहा था?
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को अपनी मां सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के अवसर पर भावुक संबोधन देते हुए कहा कि उनके पिता राजीव गांधी अपनी पत्नी सोनिया पर गर्व करते होंगे। उन्होंने अपने माता-पिता के बीच के अपनेपन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके घर में भोजन के समय उनकी मां अक्सर पिता की गोद में बैठा करती थीं। उन्होंने कहा कि बचपन में उन्हें लगता था कि हर परिवार में ऐसा ही होता होगा।
राहुल ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या ने उनकी मां की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता के निधन के बाद सोनिया गांधी के व्यक्तित्व में भी बड़ा बदलाव आया। पहले वह बेहद मिलनसार और हंसमुख थीं। लेकिन इस त्रासदी के बाद वह अपने भीतर सिमट गईं। उन्होंने कहा कि बाद में भारत के गांवों और आम लोगों ने सोनिया गांधी को अपनापन दिया। उन्हें यह एहसास कराया कि वह उनसे जुड़ी हुई हैं।
राहुल ने अपनी मां की दृढ़ता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्होंने कभी डर या कमजोरी जाहिर नहीं की। उन्होंने कहा कि उनकी मां अपनी उपलब्धियों और संघर्षों को हमेशा कम करके बताती हैं। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में उनकी मां के उस व्यक्तित्व की झलक मिलती है, जो राजीव गांधी के निधन से पहले था। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक उनके माता-पिता के प्रेम और उनकी मां के जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा को सामने लाती है।
पिता की हत्या के बाद मां के जीवन में आए बदलाव
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में माता-पिता के प्रेम, उनके पारिवारिक जीवन और पिता की हत्या के बाद मां के जीवन में आए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मम्मी, पापा आपसे प्यार करते थे, लेकिन मैं बता नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता होगा।” उनका कहना था कि सोनिया गांधी और राजीव गांधी के बीच गहरा प्रेम था। बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते देखा था, जब राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे।
ये भी पढ़ें- Rahul Gandhi Girlfriend: कौन हैं राहुल गांधी की गर्लफ्रेंड? कांग्रेस नेता ने पहली बार सुनाई अपनी सीक्रेट स्टोरी
उन्होंने बताया कि उनके पिता फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। उसी दौरान उनकी मां कुछ कहना चाह रही थीं। बार-बार अपनी बात दोहराने के बावजूद जब मां को जवाब नहीं मिला तो दोनों के बीच बहस हुई। राहुल ने कहा कि संयोग से यही एकमात्र मौका था जब उन्होंने अपने माता-पिता को झगड़ते देखा।
पहली बार गर्लफ्रेंड का किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपने माता-पिता की मुलाकात से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि कैम्ब्रिज स्थित ‘वर्सिटी रेस्तरां’ को लेकर उनके परिवार में यह कहानी प्रचलित थी कि उनके माता-पिता पहली बार वहीं मिले थे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कई साल बाद वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उस रेस्तरां में गए। वहां के एक कर्मचारी ने उनके माता-पिता को पहचानने का दावा किया और उनसे कहा कि वे दोनों उसे याद हैं।
राहुल ने रेस्तरां में “चिकन चॉसर” नामक पकवान का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्तरां जाना चाहिए। लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए। राहुल गांधी का यह संबोधन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
Fear, anger and hatred have woven a web in the hearts of BJP and RSS supporters that stops them from experiencing and expressing love.
As a true Hindu, it is my duty to free them from this web, so that they too can start to experience the breathtaking beauty and joy of love and belonging in their lives.
Satyam Shivam Sundaram.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) November 17, 2026

