राजभर का अखिलेश पर निशाना, कहा- दिल्ली के शहजादे के सामने लखनऊ के नवाब ने किया सरेंडर

राजभर का अखिलेश पर निशाना, कहा- दिल्ली के शहजादे के सामने लखनऊ के नवाब ने किया सरेंडर

akhilesh yadav and om prakash rajbhar on Samajwadi Party Split

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2022 में 111 सीटें जीतने वाले अखिलेश अब दो सीटें जीतने वाली कांग्रेस के सामने भी मजबूती से अपनी बात नहीं रख पा रहे हैं। 

 

राजभर ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपने पिता मुलायम सिंह यादव पर लिखी किताब के प्रमोशन के लिए समय नहीं मिलता, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बुलावे पर वे तुरंत पहुंच जाते हैं। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी को मुलायम-शिवपाल ने खड़ा किया, उसकी कमान संभालने के बाद अखिलेश ने उसे कमजोर कर दिया।

‘मुलायम की बात नहीं मानी, अब चाचा की आत्मकथा का डर’

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अगर चाचा (शिवपाल यादव) ने अपनी सियासी कहानी (आत्मकथा) लिख दी तो परिवार और पार्टी में अखिलेश की भूमिका औरंगजेब की हो जाएगी, जिसने सत्ता के लिए अपने ही परिवार के बुजुर्गों और अपनों को किनारे कर दिया था। उन्होंने 2017 के सपा-कांग्रेस गठबंधन की याद दिलाते हुए कहा कि अखिलेश ने तब भी बड़ों की बात नहीं मानी थी।

 

राजभर ने अखिलेश को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए कहा कि कांग्रेस के साथ गठबंधन में रहकर वे अपनी पार्टी को फिर 47 सीटों तक क्यों पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश मजबूती से चुनाव लड़ें, ताकि मुकाबले में राजनीतिक चुनौती बनी रहे।