इंदौर में सड़क पर पानी बहाने पर चालान कटना शुरू, नहीं माने तो होगा तगड़ा एक्‍शन, उद्योगों पर भी गहराने लगा जल संकट

इंदौर में सड़क पर पानी बहाने पर चालान कटना शुरू, नहीं माने तो होगा तगड़ा एक्‍शन, उद्योगों पर भी गहराने लगा जल संकट

indore water crisis

इंदौर में जल संरक्षण को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के साथ अब सड़क पर पानी बहाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

सोमवार को मुराई मोहल्ला की गली नंबर-2 में सड़क पर पानी बहाने वाले 16 नागरिकों के चालान बनाए गए। दरअसल, निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कुछ दिन पहले जोन-12 के वार्ड 62 का निरीक्षण किया था। इस दौरान सड़क पर पानी बहता देख उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नागरिकों को समझाइश देने और पानी की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए थे।

इसके बाद उपयंत्री सौरभ समैया, सहायक सीएसआई चेतन, जल प्रदाय विभाग और टीम MUSE ने लगातार दो दिन तक क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान नागरिकों को निजी नलों में टोंटियां लगवाने और पानी सड़क पर नहीं बहाने की समझाइश दी गई।

इसके बावजूद कुछ लोग जलापूर्ति के दौरान पानी सड़क पर बहा रहे थे। सोमवार सुबह जोनल अधिकारी राहुल सूर्यवंशी के निर्देश पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और 16 लोगों के चालान बनाए।

संकट में इंदौर के उद्योग : इधर कम बारिश और भूजल स्तर नहीं बढ़ने का असर इंदौर के औद्योगिक क्षेत्रों में दिखने लगा है। बोरिंग में पानी कम होने और जलस्रोत सूखने से उद्योगों के संचालन पर संकट मंडरा रहा है। सांवेर रोड, पालदा और पोलोग्राउंड सहित अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में पानी की कमी को लेकर उद्यमी चिंतित हैं। सांवेर रोड पूरी तरह बोरिंग के पानी पर निर्भर है। नगर निगम की सीमित जलापूर्ति औद्योगिक जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है। जल्द वैकल्पिक और स्थायी व्यवस्था नहीं हुई तो कई इकाइयों का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। कुछ फैक्ट्रियां अस्थायी रूप से बंद भी हो सकती हैं। टैंकरों से पानी मंगाने पर उत्पादन लागत बढ़ेगी।