
क्वाड (QUAD) शिखर सम्मेलन के मंच पर एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच बेहतरीन केमिस्ट्री देखने को मिली। सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुले दिल से तारीफ की। जब पीएम मोदी उनके ठीक पास खड़े थे, तब ट्रंप ने उनकी ओर देखते हुए कहा कि वह एक ‘सख्त व्यक्ति’ हैं। हालांकि इस बात की जानकारी सामने नहीं आई है कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत होगी या नहीं। इस दौरान ट्रंप ने जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची की भी तारीफ की।
जापानी पीएम ताकाइची की भी सराहना
पीएम मोदी की तारीफ करने के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंच पर मौजूद जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची (Sanae Takaichi) की ओर इशारा किया। उन्होंने हल्के-फुल्के और सराहनीय अंदाज में कहा कि और वह शायद उनसे भी ज्यादा सख्त हो सकती हैं। ट्रंप के इस बयान ने सम्मेलन के माहौल को और अधिक सौहार्दपूर्ण बना दिया।
क्वाड की मजबूती पर पीएम मोदी का जोर
इस महत्वपूर्ण अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्वाड समूह के भविष्य और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि आज की इस बैठक से क्वाड संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि चारों देशों के शीर्ष नेताओं की यह मुलाकात भविष्य के सहयोग और साझेदारी की बुनियाद को और अधिक मजबूत करेगी।
चारों देशों के शीर्ष नेता हैं शामिल
गौरतलब है कि क्वाड की इस उच्च-स्तरीय बैठक में चार प्रमुख लोकतांत्रिक देशों के शीर्ष नेतृत्व शामिल हो रहे हैं। इसमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची हिस्सा ले रहे हैं, जो हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर चर्चा कर रहे हैं।


