Suryaa Postponed: सनी देओल की आने वाली फिल्म ‘सूर्या अंत से आरंभ तक’ को टाल दिया गया है। अब यह फिल्म तय तारीख 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज नहीं होगी। फिल्म के निर्माताओं ने फैसला किया है कि जब तक फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से सर्टिफिकेट नहीं मिल जाता, तब तक इसे रिलीज नहीं किया जाएगा। यह कदम तब उठाया गया है जब मेडिकल फील्ड के कुछ लोगों ने फिल्म में डॉक्टरों को दिखाए जाने के तरीके पर आपत्ति जताई है। वहीं दिल्ली हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करने वाली एक और जनहित याचिका (PIL) पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि इसी तरह की एक और याचिका पर पहले से ही एक दूसरी बेंच सुनवाई कर रही है।
सनी देओल की ‘सूर्या’ टली
‘हिंदुस्तान टाइम्स’ से बातचीत में निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज टलने की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि ‘सूर्या अंत से आरंभ तक’ उसी रूप में रिलीज हो, जैसा उन्होंने इसे बनाने के बारे में सोचा था। उन्होंने मीडिया और मेडिकल बिरादरी के लोगों से अपील की है कि वे फिल्म के टीजर या प्रोमो क्लिप्स के आधार पर कोई राय बनाने से पहले पूरी फिल्म देखें।
एक आधिकारिक बयान में फिल्म की टीम ने बताया कि रिलीज को इसलिए आगे बढ़ाया गया है क्योंकि फिल्म का सर्टिफिकेशन प्रोसेस अभी पूरा नहीं हुआ है। जरूरी मंजूरी मिलने के बाद नई तारीख की घोषणा की जाएगी। निर्माताओं ने प्रोमो में दिखाए गए कुछ दृश्यों की आलोचना पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी और इसके मकसद को लेकर लोग तब राय बना रहे हैं, जब उन्होंने पूरी फिल्म देखी ही नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ सेकंड के फुटेज से दर्शकों को किरदारों, पूरी कहानी या फिल्म के असल मैसेज के बारे में सही समझ नहीं मिल सकती।
कमल मुकुट द्वारा प्रस्तुत ‘सूर्या अंत से आरंभ तक’, मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ का हिंदी रीमेक है। मूल फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से काफी सराहना मिली थी। इसके हिंदी वर्जन को नए दर्शकों के हिसाब से तैयार किया गया है, लेकिन इसमें मूल फिल्म की भावनात्मक गहराई और जांच-पड़ताल वाले हिस्से को बरकरार रखा गया है।
फिल्म के प्रस्तुतकर्ता कमल मुकुट ने कहा कि निर्माताओं को अपनी फिल्म पर पूरा भरोसा है और वे चाहते हैं कि दर्शक इसे उसी रूप में देखें, जैसा इसे बनाने का इरादा था। उन्होंने कहा- “हमारा हमेशा से यही इरादा रहा है कि ‘सूर्या अंत से आरंभ तक’ दर्शकों के सामने बिल्कुल उसी रूप में आए, जैसी इसकी परिकल्पना की गई थी। हमें इस फिल्म इसकी कहानी और इसके मूल मैसेज पर पूरा भरोसा है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि फिल्म को पूरा देखे बिना ही, केवल कुछ सेकंड के प्रमोशनल फुटेज के आधार पर एक पूरी कहानी (नैरेटिव) गढ़ी जा रही है।”
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि उनकी टीम सर्टिफिकेशन प्रक्रिया का सम्मान करती है, लेकिन वह अपने क्रिएटिव विजन के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहती। “हम सर्टिफिकेशन प्रक्रिया का सम्मान करते हैं और सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही हम फिल्म की क्रिएटिव अखंडता को बनाए रखने के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। हम मीडिया और दर्शकों से विनम्र अनुरोध करते हैं कि वे किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले फिल्म को निष्पक्ष नजरिए से देखें और पूरी कहानी को समझें।”
फिल्म निर्माताओं ने यह भी स्पष्ट किया है कि ‘सूर्या’ का उद्देश्य चिकित्सा पेशे को नकारात्मक रूप में दिखाना नहीं है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म पूरे चिकित्सा समुदाय के बारे में कोई सामान्य टिप्पणी करने के बजाय, कुछ व्यक्तियों द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार, शोषण और सुनियोजित कदाचार पर केंद्रित है। टीम ने आगे कहा कि उनका इरादा उन डॉक्टरों की छवि खराब करना नहीं है, जो ईमानदारी और समर्पण के साथ मरीजों की सेवा कर रहे हैं।

