IND vs PAK: ‘दिवाली के दिन मैच हारने के बाद हुई थी गाली-गलौज…’ स्टार प्लेयर ने खोला पाकिस्तान के खिलाफ जोशीले जश्न का राज

IND vs PAK: भारत की अंडर-19 टीम ने एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। मैच जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर जश्न मनाया। टीम इंडिया के अक्रामक सेलिब्रेशन का वीडियो काफी वायरल हुआ। वहीं भारतीय खिलाड़ी यशवीर गौड़ और लक्ष्य रायचंदानी के जश्न की काफी चर्चा हुई। वहीं अब दोनों खिलाड़ियों ने बताया कि उन्होंने ऐसा सेलिब्रेशन क्यों किया। दोनों खिलाड़ियों ने अपने जश्न का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने ग्रुप स्टेज में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हुए व्यवहार के जवाब में ऐसा किया था। उनका कहना था कि फाइनल में जीत के बाद उनका जश्न उसी घटना से जुड़ा था।

ग्रुप स्टेज में भारत ने पाकिस्तान को दी थी मात

आपको बता दें ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने भारत को तीन विकेट से हराया था। इस जीत के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों ने काफी अक्रामक सेलिब्रेशन किया था। यशवीर गौड़ ने बताया कि उस मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच काफी बहस हुई थी और एक-दूसरे को ताने मारने के साथ गाली-गलौज भी हुई थी।

पाक खिलाड़ियों से हुई थी कहासुनी

इंडिया टुडे से बातचीत में यशवीर गौड़ ने कहा, “दिवाली के दिन हम पाकिस्तान से मैच हार गए थे। उस मैच के बाद दोनों टीमों के बीच कुछ कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। हार के बाद हम कुछ नहीं कह पाए। हम बस फाइनल का इंतजार कर रहे थे। हम अच्छा खेलना चाहते थे और दुनिया को दिखाना चाहते थे कि भारतीय टीम क्या कर सकती है।”

सभी खिलाड़ी थे इमोशनल

गौड़ भी उन खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्होंने जीत के बाद पाकिस्तान के डगआउट और फैंस की ओर देखकर अपशब्द कहे। उन्होंने कहा कि भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दे रहे थे। गौड़ ने कहा, “हमने भी वही किया, जो उन्होंने हमारे साथ किया था। पहले वे चुप नहीं थे, लेकिन हम शांत रहे। उस समय हमने भारतीय टीम की जर्सी पहनी हुई थी और इस पल का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। जीत के बाद सभी खिलाड़ी भावुक थे।”

रायचंदानी ने किया टीम का बचाव

टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी खिलाड़ियों के जश्न का बचाव किया। रायचंदानी ने यह भी याद दिलाया कि ग्रुप स्टेज का मैच जीतने के बाद पाकिस्तान की टीम ने भी इसी तरह जश्न मनाया था। स्पोर्ट्स नाउ से बातचीत में भारतीय कप्तान रायचंदानी ने कहा, “लोगों को ये भी देखना चाहिए कि दिवाली के दिन जीत के बाद पाकिस्तान की टीम ने किस तरह जश्न मनाया था। इसकी शुरुआत उन्होंने की थी और हमने भी उसी तरह जवाब दिया। हमारे जश्न में कुछ भी गलत नहीं था। फाइनल जीतने के लिए हमने काफी मेहनत की थी, इसलिए उस समय सभी खिलाड़ी भावुक थे और अपनी खुशी जाहिर कर रहे थे।”

काफी रोमांचक था मुकाबला

भारतीय टीम ने पाकिस्तान के 337 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक विकेट से शानदार जीत दर्ज की। एक समय टीम ने 252 रन पर अपने आठ विकेट गंवा दिए थे और मुकाबला काफी रोमांचक हो गया था। इसके बाद मनाल चौहान ने 47 रन की पारी खेली, जबकि मोहित उल्वा 49 रन बनाकर नाबाद रहे। मोहित ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई और टीम को खिताब का हकदार बना दिया।