
उत्तरप्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मथुरा में भाजपा की बैठक के दौरान विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी। राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी कटाक्ष किया और उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा आने की बात कही।
ALSO READ: Hero की इलेक्ट्रिक कार, 2 सीट, कॉम्पैक्ट डिजाइन और पंख जैसे दरवाजे होंगे खासियत
केशव मौर्य ने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि विपक्ष के कई दल एक साथ आ जाएं, तब भी वे भाजपा का मुकाबला नहीं कर पाएंगे। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब भाजपा ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए मथुरा के परखम में दो दिवसीय रणनीतिक बैठक आयोजित की है।
ओवैसी, अखिलेश और मायावती पर साधा निशाना
केशव मौर्य ने विपक्षी दलों की संभावित एकजुटता पर सवाल उठाते हुए कहा कि असदुद्दीन ओवैसी का मोर्चा हो, चंद्रशेखर आजाद, अखिलेश यादव या मायावती का गठबंधन, सभी मिलकर भी भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला नहीं कर सकते। उन्होंने विपक्षी दलों के बीच संभावित गठबंधन को लेकर भी तंज कसा और कहा कि भाजपा 2027 में फिर से मजबूत बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
अखिलेश यादव पर तंज, बोले- राम मंदिर बन गया, अब मथुरा आएं
डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा, “अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी।” उन्होंने राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा आने की बात कही। मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सपा की साइकिल पंचर हो चुकी है और पार्टी का नेतृत्व अब सैफई वापस जा रहा है।
ALSO READ: Maruti की इस सस्ती कार के दीवाने हुए लोग, बिक्री आंकड़ों ने चौंकाया
2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का दावा
केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी। उन्होंने प्रदेश को माफिया और गुंडागर्दी से मुक्त रखने की बात भी कही। मथुरा में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय बैठक में पार्टी के संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर तैयारियां बढ़ाने और नए मतदाताओं सहित विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बनाने पर चर्चा हो रही है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर वोट बैंक पर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, “100 में 60 फीसदी वोट हमारा है, 40 फीसदी में बंटवारा है और उस बंटवारे में भी हमारा हिस्सा है।” उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के चुनावी आत्मविश्वास और विपक्षी दलों को दी गई राजनीतिक चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।


