Market Outlook : बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, जानिए 17 नवंबर को कैसी रह सकती है सेंसेक्स-निफ्टी की चाल

Market Outlook : 16 नवंबर को भारतीय इक्विटी इंडेक्स तेजी के साथ बंद हुए हैं। जिसमें निफ्टी 25,200 के स्तर के ऊपर टिके रहने में कामयाब रहा है। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 510.40 अंक या 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,102.85 पर और निफ्टी 146.80 अंक या 0.58 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,291.10 पर बंद हुआ है। आज के सेशन में 1399 शेयरों में तेजी आई, 2807 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 169 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।

निफ्टी में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वालों में मैक्स हेल्थकेयर, आईटीसी, टाटा कंज्यूमर, अपोलो हॉस्पिटल्स और नेस्ले इंडिया शामिल रहे। वहीं, गिरावट दर्ज करने वालों में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और बीएसई लिमिटेड शामिल रहे।

सेक्टर के मोर्चे पर रियल्टी इंडेक्स में 1.9%, फार्मा इंडेक्स में 1.7%, मेटल इंडेक्स में 1.5%, ऑटो इंडेक्स में 1.5% और एनर्जी इंडेक्स में 0.6% की गिरावट आई। इसके विपरीत, एफएमसीजी (FMCG) इंडेक्स में 1.2% की तेजी रही, जबकि निफ्टी बैंक, इंफ्रा, प्राइवेट बैंक, मीडिया और पीएसयू (PSU) बैंक सूचकांकों में 0.3 से 0.6% तक की बढ़त देखी गई।

निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.7 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.1 प्रतिशत की गिरावट आई।

मार्केट व्यू

पीएल कैपिटल के विक्रम कसाट का कहना है कि बाजार के मौजूदा रुझान को देखते हुए चुनिंदा शेयरों पर फोकस करने की रणनीति अपनाने की सलाह होगी। बैंकिंग और एफएमसीजी शेयरों में मजबूती से बेंचमार्क इंडेक्स स्टेबल रहे। जबकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर लगातार दबाव से संकेत मिलता है कि निवेशक वैल्यूएशन और निकट भविष्य में अर्निंग की स्पष्टता को लेकर सतर्क हैं। बेंचमार्क और ब्रॉडर मार्केट के बीच का अंतर यह भी दिखाता है कि लिक्विडिटी के प्रवाह की दिशा में परिवर्तन नहीं हो रहा है।

कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और रुपये की कमजोरी बाजार के लिए बड़े जोखिम बने हुए हैं। करेंसी पर और अधिक दबाव महंगाई और ब्याज दर के आउटलुक को खराब सकता है। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से बाजार को सपोर्ट मिल सकता। आगे निवेशकों को बेंचमार्क इंडेक्सों की तेजी का पीछा करने से बचना चाहिए और मजबूत बैलेंस शीट, सही वैल्यूएशन और अच्छी अर्निंग ग्रोथ वाली कंपनियों पर फोकस करना चाहिए। बाजार की दिशा तय करने में विदेशी निवेशकों के रुझान का भी अहम योगदान होगा।

स्मॉलकेस मैनेजर और डिविटिया इन्वेस्टमेंट्स के को-फाउंडर अग्रिम वर्मा का कहना है कि नवंबर में भारतीय इक्विटी बाजारों में जोरदार रिकवरी देखने को मिली है। इसके पीछे ग्लोबल सेंटीमेंट में सुधार, कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट और विदेशी निवेशकों के रुझान में आया बड़ा बदलाव मुख्य कारण रहे हैं। ब्रेंट क्रूड की कीमत गिरकर लगभग 95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है। इससे भारत को आयात बिल, महंगाई और मुद्रा पर पड़ने वाले दबाव के मोर्चे पर काफी राहत मिली है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की वापसी एक बड़ी बात है। FPIs ने 2 से 13 नवंबर के बीच भारतीय इक्विटी बाजार में लगभग 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसके साथ ही उम्मीद से बेहतर दूसरी तिमाही के नतीजों ने भी बाजार की मदद है। इससे निफ्टी ने फिर से 25,000 का स्तर हासिल कर लिया है और अक्टूबर के निचले स्तरों से अब तक 13% से अधिक की रिकवरी आई है।

अमेरिका के मिडटर्म इलेक्शन नतीजों में डेमोक्रेट्स का कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण हो गया है। इससे नीतिगत अनिश्चितता कुछ कम हुई है और ग्लोबल स्तर पर जोखिम उठाने की क्षमता (रिस्क एपेटाइट) में सुधार आया है। हालांकि, ट्रेड, टेक्नोलॉजी और जियोपॉलिटिक्स पर इसके दीर्घकालिक प्रभावों पर नजर रखना जरूरी होगा।

आगे की बात करें तो हम भारतीय इक्विटी मार्केट के लिए अच्छे संकेत हैं। कच्चे तेल की कीमतों में कमी, विदेशी निवेश में सुधार और मजबूत कॉर्पोरेट नतीजों ने एक अनुकूल माहौल तैयार किया है। हालांकि, FPI का निवेश आगे भी बना रहेगा या नहीं, और वैश्विक ब्याज दरों की चाल कैसी रहेगी, ये अहम फैक्टर होंगे। हालिया उछाल के बाद निवेशकों को केवल बाजार के मोमेंटम के पीछे नहीं भागना चाहिए। इसके बजाय, उन्हें ‘बॉटम-अप’ नजरिया अपनाना चाहिए। यानी ऐसी कंपनीयों पर फोकस करना चाहिए जिनका अर्निंग आउटलुक अच्छा हो, जिनकी बैलेंस शीट मजबूत हो और जिनका वैल्यूएशन आकर्षक हो। बाजार की आगे की चाल मुख्य रूप से वैल्यूएशन के बजाय, कंपनियों की अर्निंग्स से तय होने की संभावना है।

निफ्टी के लिए सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल

कोटक नियो के हेड इक्विटी रिसर्च श्रीकांत चौहान का कहना है कि सेंसेक्स-निफ्टी में आज सीमित दायरे में कारोबार देखने को मिला। निफ्टी 147 अंक ऊपर बंद हुआ, जबकि सेंसेक्स में 512 अंकों की तेजी रही। सेक्टर्स की बात करें तो FMCG इंडेक्स ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया और इसमें 1.75 प्रतिशत की तेजी आई, जबकि फार्मा और मेटल इंडेक्स में 1.50 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। तकनीकी रूप से, मजबूत शुरुआत के बाद बाजार एक सीमित दायरे में ही कारोबार करता रहा।

डेली चार्ट पर एक छोटी कैंडल बनी है और इंट्राडे चार्ट पर यह ‘हायर-बॉटम’ फॉर्मेशन बनाए हुए है। श्रीकांत चौहान का मानना ​​है कि शॉर्ट-टर्म के लिए मार्केट का मिजाज पॉजिटिव है लेकिन अस्थायी रूप से ‘ओवरबॉट’ स्थिति होने के कारण आने वाले समय में मार्केट एक सीमित दायरे में ही कारोबार कर सकता है।

निचले स्तर पर 25200/81800 एक तत्काल सपोर्ट ज़ोन का काम करेगा, जबकि 25350/82300 बुल्स के लिए एक अहम रेजिस्टेंस ज़ोन हो सकता है। 25350/82300 के ऊपर जाने पर बाज़ार में तेज़ी आ सकती है और यह 25450-25500/82500-82800 के स्तर तक जा सकता है। वहीं दूसरी ओर 25200/81800 के नीचे बिकवाली का दबाव और बढ़ सकता है। इसके नीचे जाने पर, बाज़ार 25150-25000/81500-81200 के स्तर तक गिर सकता है।

 

Trading Plan :बाजार में तेजी का मोमेंटम कायम लेकिन ऊपरी स्तरों से आई हल्की मुनाफावसूली, जानिए कल के लिए ट्रेडिंग प्लान

 

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।