एससीओ बैठक के लिए भारत आएंगे पाकिस्तान के मंत्री

नई दिल्ली। तीन साल के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत दौरा होने वाला है। शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ की बैठक नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर के बीच होगी। पाकिस्तान की ओर से इसकी पुष्टि की गई है कि एससीओ के ‘सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम’ में पाकिस्तान हिस्सा लेगा। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सरकार ने नई दिल्ली में होने वाले एससीओ ‘सिविलाइजेशनल डायलॉग’ में जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मामलों के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक शामिल होंगे।

पाकिस्तान की ओर से जारी बयान में इस बात पर जोर दिया गया कि इस संवाद में एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जो सांस्कृतिक समझ और सभ्यताओं के बीच जुड़ाव पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा, इस्लामाबाद ने कहा कि वह एससीओ ढांचे के भीतर, आपसी सम्मान की भावना के साथ, सभ्यताओं के बीच संवाद को बढ़ावा देने और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बहरहाल, एससीओ की बैठक में पाकिस्तान के मंत्री मलिक का शामिल होना एक अहम घटनाक्रम है। इससे पहले भारत कहा था कि उसने पाकिस्तान सहित एससीओ के सभी 10 सदस्य देशों को ‘सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम’ के लिए आमंत्रित किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया था कि यह पहल भारत की ओर से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य यूरेशिया में सांस्कृतिक आदान प्रदान और लोगों के बीच आपसी संबंधों को बढ़ावा देना है।