अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को सुधारने के लिए पुरानी तांबे की तारों को फाइबर केबल से बदला जा रहा था। इसी दौरान एक राउटर में खराबी आ गई। इससे एयर ट्रैफिक कंट्रोल का कम्युनिकेशन सिस्टम बिगड़ गया और शुक्रवार को पूरे अमेरिका में करीब 5 घंटे तक उड़ानें रोकनी पड़ीं। दो दिनों में 15 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुईं और हजारों उड़ानों में देरी हुई। अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने शनिवार को बताया कि यह गड़बड़ी नया राउटर लगाने के दौरान हुई। सरकार जांच कर रही है कि राउटर खराब था या उसे लगाने में गलती हुई। अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल साइबर अटैक के कोई सबूत नहीं मिले हैं। राउटर की खराबी से 17 एयर ट्रैफिक सेंटर पर असर अमेरिका की एविएशन एजेंसी FAA के प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने बताया कि देश के 22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों में से 17 में इस खराबी का असर पड़ा। ये सेंटर हवा में उड़ रहे विमानों पर नजर रखते हैं और पायलटों के संपर्क में रहते हैं। राउटर में खराबी आने से इनका कम्युनिकेशन प्रभावित हुआ। हालांकि, किसी भी सेंटर का संपर्क पूरी तरह नहीं टूटा था, लेकिन सुरक्षा को देखते हुए सरकार ने उड़ानें रोकने का फैसला लिया। दो दिन में 15 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, शुक्रवार को अमेरिका में करीब 9,200 फ्लाइट्स कैंसिल हुईं और 7,500 से ज्यादा में देरी हुई। शनिवार शाम तक 6,150 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी थीं और 7,300 से ज्यादा में देरी हुई। रविवार की 530 से ज्यादा फ्लाइट्स भी शनिवार शाम तक कैंसिल की जा चुकी थीं। इस वजह से हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे। एयरलाइंस को अपने विमान, पायलट और दूसरे कर्मचारियों को अलग-अलग जगहों पर पहुंचाने में भी परेशानी हो रही है। सरकार जांच रही- कंपनी की गलती या खराब राउटर अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने बताया कि L3Harris नाम की कंपनी एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को सुधारने का काम कर रही थी। इसी दौरान नया राउटर लगाने के समय गड़बड़ी हुई। उन्होंने कहा, “हम जांच कर रहे हैं कि राउटर लगाने वाली कंपनी से गलती हुई या उपकरण ही खराब था। अभी इसकी असली वजह सामने नहीं आई है।” FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने कहा कि जांच में साइबर अटैक या AI से जुड़ी गड़बड़ी के कोई सबूत नहीं मिले हैं। वहीं, कंपनी L3Harris ने कहा कि वह जांच में FAA की मदद कर रही है। उड़ानें रुकने से पहले वह सिस्टम को आधुनिक बनाने का 70% से ज्यादा काम पूरा कर चुकी थी। रविवार देर रात तक सामान्य हो सकती हैं उड़ानें FAA प्रमुख ब्रायन बेडफोर्ड ने यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि सिस्टम को ठीक करने का काम चल रहा है और रविवार देर रात तक उड़ानों का शेड्यूल काफी हद तक सामान्य हो सकता है। हालांकि, उड़ानों पर लगी रोक हटने के बाद भी एयरलाइंस को अपना काम सामान्य करने में समय लग रहा है। कई विमान और उनके पायलट तय जगहों पर नहीं पहुंच पाए हैं। उन्हें दोबारा सही जगह पहुंचाने के कारण भी फ्लाइट्स में देरी हो रही है। एयर ट्रैफिक सिस्टम सुधारने के लिए 50 अरब डॉलर की जरूरत इस घटना के बाद अमेरिका के पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को सुधारने की मांग तेज हो गई है। परिवहन मंत्री सीन डफी ने इसके लिए 50 अरब डॉलर की फंडिंग मांगी है। इससे पहले उन्होंने 30 अरब डॉलर की मांग की थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी सिस्टम को आधुनिक बनाने के लिए 30.1 अरब डॉलर मांगे हैं। पिछले साल अमेरिकी संसद ने इस काम के लिए 12.5 अरब डॉलर मंजूर किए थे। अमेरिकी संसद के निचले सदन के स्पीकर माइक जॉनसन ने शनिवार को कहा कि वह इस साल एयर ट्रैफिक सिस्टम को सुधारने के लिए अतिरिक्त पैसा देने के पक्ष में हैं। वहीं, कुछ सांसदों ने सवाल उठाया कि पिछले साल मंजूर 12.5 अरब डॉलर में से अब तक सिर्फ 1 अरब डॉलर ही खर्च हुआ है। उनका कहना है कि सिस्टम को सुधारने का काम काफी धीमी गति से चल रहा है।
Latest News

