FPI Investment in India: ₹76000 करोड़ का निवेश सिर्फ दो हफ्ते में, टूटा तीन साल पुराना रिकॉर्ड, विदेशी निवेशक फायर में

FPI Investment in India: भारतीय शेयर बाजार के लिए नवंबर का महीना अब तक शानदार रहा है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) ने दो महीने की लगातार बिकवाली के बाद भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी की है। 3 नवंबर से 13 नवंबर 2026 के बीच विदेशी निवेशकों ने घरेलू मार्केट में ₹76,188.75 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की। इस भारी निवेश से बाजार में विदेशी निवेशकों का भरोसा लौटने के संकेत मिल रहे हैं। इससे पहले सितंबर और अक्टूबर में FPIs ने भारतीय शेयर बाजार से बड़ी मात्रा में पैसा निकाला था।

सितंबर में विदेशी निवेशकों ने ₹35,861 करोड़ और अक्टूबर में ₹34,843 करोड़ की शुद्ध बिकवाली की थी यानी इन दो महीनों में कुल ₹70,704 करोड़ भारतीय बाजार से बाहर निकाले गए थे। नवंबर में आया निवेश पिछले दो महीनों की बिकवाली की भरपाई से भी अधिक है।

AI शेयरों में गिरावट से भारत को मिला फायदा

विदेशी निवेशकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली के दबाव पर भारतीय बाजार का रुख किया। एआई इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च और उससे होने वाले संभावित मुनाफे को लेकर निवेशकों की चिंता बढ़ी तो भारत जैसे कम एआई एक्सपोजर वाले मार्केट की चमक बढ़ी और विदेशी निवेशक धड़ाधड़ आने लगे। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की रिपोर्ट के मुताबिक अक्टूबर 2026 में अधिकतर वैश्विक बाजारों में गिरावट के बीच भारतीय शेयर बाजार में निचले स्तरों से रिकवरी आई। घरेलू कंपनियों के बेहतर रिजल्ट और लार्ज-कैप शेयरों के बढ़िया वैल्यूएशन ने भी अट्रैक्ट किया है।

LTCG टैक्स में कटौती की उम्मीद से भी मिला सपोर्ट

विदेशी निवेशकों की वापसी एक और वजह से हुई, वह है एलटीसीजी टैक्स से जुड़ी उम्मीद। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सेबी ने सरकार को प्री-बजट सुझावों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के इक्विटी निवेश पर लगने वाले 12.5% लॉन्ग टर्म कैपिटल गेन टैक्स को खत्म करने की सिफारिश की है। हालांकि यह केवल एक सिफारिश है और इस पर अंतिम फैसला सरकार को लेना है। फिलहाल विदेशी निवेशकों की वापसी बाजार के लिए पॉजिटिव सिग्नल है, लेकिन यह तेजी कितनी टिकाऊ होगी, यह कंपनियों की कमाई, शेयरों के वैल्यूएशन, रुपये की चाल और वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।

Nifty 26300 के पार जाने पर 40000 तक पहुंच सकता, CLSA के एक्सपर्ट ने बताया पूरा टारगेट

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।