कुलगाम में आतंकियों ने दागी थीं ‘आर्मर-पियर्सिंग’ स्‍टील की गोलियां

कुलगाम में आतंकियों ने दागी थीं ‘आर्मर-पियर्सिंग’ स्‍टील की गोलियां

jammu kashmir police

Kulgam Terror Attack: कुलगाम जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के नाके पर हुए आतंकी हमले की शुरुआती जांच में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। जांच के दौरान मिले ताजा सबूतों से यह खुलासा हुआ है कि हमलावर आतंकवादियों ने इस वारदात को अंजाम देने के लिए बेहद घातक स्टील बुलेट्स या ‘आर्मर-पियर्सिंग’ गोलियों का इस्तेमाल किया था।

 

जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, ये गोलियां इतनी शक्तिशाली थीं कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों के बॉडी आर्मर (बुलेटप्रूफ जैकेट) को भी भेद दिया। इसी वजह से सुरक्षा कवच पहने होने के बावजूद जवानों को गंभीर चोटें आईं।

 

शुरुआती फॉरेंसिक और बैलिस्टिक जांच में इस बात की भी पुष्टि किसी हद तक हुई है कि हमलावरों ने इस हमले में एके-47 राइफलों का उपयोग किया था। हालांकि एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक ‘आर्मर-पियर्सिंग’ गोलियों के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं, आगे जांच पूरी होने पर ही औपचारिक पुष्टि हो पाएगी.

बुलेटप्रूफ जैकेट को भी चीर देती हैं ये गोलियां

जानकारी के लिए आर्मर-पियर्सिंग बुलेट्स विशेष रूप से बुलेटप्रूफ जैकेट, बख्तरबंद गाड़ियों और सुरक्षा कवच को चीरने के लिए बनाई जाती हैं। इनके अगले हिस्से में बेहद सख्त धातु (जैसे स्टील या टंगस्टन) की कोर लगी होती है, जो सामान्य गोलियों के मुकाबले कहीं अधिक घातक होती है।

 

गौरतलब है कि कुलगाम हमले में इन उच्च-क्षमता वाली गोलियों के इस्तेमाल ने सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। बता दें कि इससे पहले भी कई हमलों में जम्‍मू कश्‍मीर में आतंकवादियों द्वारा ये अत्याधुनिक और घातक कारतूस इस्तेमाल में लाए जा चुके हैं। इस नए खुलासे के बाद सुरक्षा बलों की सुरक्षा मानकों और प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसे हमलों से जवानों को और बेहतर सुरक्षा प्रदान की जा सके।