IPO बाजार में एक और कंपनी उतरने को तैयार है। एग्रोकेमिकल सेक्टर की कंपनी Crystal Crop Protection ने अपने IPO के लिए 259 से 272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय कर दिया है। कंपनी इस इश्यू से 456 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। प्राइस बैंड के ऊपरी छोर पर कंपनी की वैल्यूएशन करीब 4,438 करोड़ रुपये बैठती है।
18 से 20 नवंबर तक लगेगी बोली
रिटेल और बाकी निवेशकों के लिए इश्यू 18 नवंबर को खुलेगा और 20 नवंबर को बंद होगा। यानी बोली लगाने के लिए 3 दिन मिलेंगे। इससे एक दिन पहले, 17 नवंबर को एंकर इन्वेस्टर्स के लिए बोली लगेगी। बड़े संस्थागत निवेशक इश्यू में कितनी दिलचस्पी दिखाते हैं, इसका पहला इशारा उसी दिन मिल जाएगा।
456 करोड़ में फ्रेश इश्यू का हिस्सा बड़ा
IPO के दो हिस्से हैं। पहला, 355 करोड़ रुपये तक के नए शेयरों का फ्रेश इश्यू। दूसरा, 101 करोड़ रुपये तक का ऑफर फॉर सेल (OFS)।
इन दोनों में फर्क समझना जरूरी है। फ्रेश इश्यू में कंपनी नए शेयर जारी करती है और उससे आया पैसा सीधे कंपनी के खाते में जाता है। OFS में कंपनी के मौजूदा शेयरहोल्डर्स अपनी हिस्सेदारी का कुछ हिस्सा बेचते हैं। इस हिस्से का पैसा कंपनी को नहीं मिलता, बल्कि शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स की जेब में जाता है। Crystal Crop Protection के इस IPO में 456 करोड़ रुपये में से 355 करोड़ रुपये का हिस्सा फ्रेश इश्यू का है।
कर्ज चुकाने में लगेगा फ्रेश इश्यू का पैसा
फ्रेश इश्यू से जुटाए पैसे का मुख्य इस्तेमाल कर्ज चुकाने में होगा। ये कर्ज कंपनी ने खुद लिया है और इसकी सब्सिडियरी Saffire Crop Science ने भी।
पैसे का एक हिस्सा इनऑर्गेनिक ग्रोथ के मौकों पर खर्च होगा। इसमें ऐसे अधिग्रहण शामिल हैं, जिनकी पहचान अभी नहीं हुई है, साथ ही कुछ रणनीतिक पहल भी। बचा हुआ पैसा कंपनी के सामान्य कामकाज में लगाया जाएगा।
अलॉटमेंट से लिस्टिंग तक का पूरा कैलेंडर
इश्यू बंद होने के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 23 नवंबर को फाइनल होने की उम्मीद है। जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उनके रिफंड की प्रक्रिया 25 नवंबर को शुरू होगी। इसी दिन सफल बोली लगाने वालों के डीमैट अकाउंट में शेयर भी आ जाएंगे। इसके अगले दिन, यानी 26 नवंबर को कंपनी के शेयर BSE और NSE पर लिस्ट होने की उम्मीद है।
इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर DAM Capital Advisors, IIFL Capital Services और Motilal Oswal Investment Advisors हैं। MUFG Intime India को इश्यू का रजिस्ट्रार बनाया गया है।
कीटनाशक से बीज तक, क्या करती है कंपनी
Crystal Crop Protection की शुरुआत 1994 में हुई थी। ये भारतीय क्रॉप सॉल्यूशंस कंपनी है, जो एग्रोकेमिकल्स और बीज, दोनों कारोबार में है।
कंपनी के पोर्टफोलियो में फसल बचाने वाले प्रोडक्ट हैं, जैसे खरपतवार खत्म करने वाले हर्बिसाइड, फफूंद से बचाने वाले फंगीसाइड और कीड़ों से बचाने वाले इंसेक्टिसाइड। इसके अलावा कंपनी नेचुरल क्रॉप सॉल्यूशंस भी बेचती है। इनमें बायो-स्टिमुलेंट, बायो-प्रोटेक्टेंट, प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर, लिक्विड फर्टिलाइजर और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स शामिल हैं।
बीज के कारोबार में कंपनी खेत की फसलों, सब्जियों और फूलों के बीज बेचती है। खेती की पूरी वैल्यू चेन में कंपनी की मौजूदगी है। फसल की सुरक्षा से लेकर खेती की अलग-अलग जरूरतों तक, ये किसानों के लिए प्रोडक्ट और सॉल्यूशंस पेश करती है।
डिस्क्लेमर: Moneycontrol.com पर इन्वेस्टमेंट एक्सपर्ट्स की ओर से दी गई राय और निवेश सलाह उनकी अपनी होती है, न कि वेबसाइट या उसके मैनेजमेंट की। Moneycontrol.com यूजर्स को सलाह देता है कि निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें।

