
शेयर बाजारों में तेजी से बढ़ी चमक उत्साहजनक खबर है। इसके बावजूद “बाजार पूरी तरह ठीक हो गया है”, यह धारणा बनाना उचित नहीं होगा। अभी आई चमक बाहरी पहलुओं पर काफी हद तक निर्भर है।
दो हफ्ते पहले तक भारत के शेयर बाजार में मायूसी का माहौल था। सूचकांकों में गिरावट का सिलसिला थम नहीं रहा था। लेकिन दिवाली वहां इतनी चमक लेकर आई कि कहानी पलट गई है। सेंसेक्स नौ महीनों के सबसे ऊंचे स्तर पर है। डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कहानी यह है कि 29 अक्टूबर से छह नवंबर के बीच सेंसेक्स 7,782 अंक उठा। दरअसल, सेंसेक्स के इतिहास में 10,000 अंक की सबसे तेज उछाल इसी दौर में दर्ज हुई है। चमक लौटने का कारण विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की वापसी है। 2026 के पहले 10 महीनों में से सात में एफआईआई ने जितना निवेश किया, उससे ज्यादा बिकवाली की थी।
उस दौर में शेयर बाजार घरेलू संस्थागत निवेशकों पर पूरी तरह निर्भर हो गए थे। लेकिन अब एफआईआई धमाकेदार ढंग से लौटे हैं। इसकी प्रमुख वजह अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) के शेयरों में आई गिरावट है। एआई से मुनाफे की संभावनाओं को हाल की घटनाओं से वहां तगड़ा झटका लगा है। इसी बीच अमेरिका के मिडटर्म चुनावों में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की पार्टी की बुरी हार हुई, जिससे भी एआई सहित तमाम वित्तीय कारोबार में अनिश्चय बढ़ा है। ऐसे हालात में अक्सर संस्थागत निवेशक उन देशों का रुख करते हैं, जो बाजार का मूड खराब करने वाली घटनाओं से अपेक्षाकृत अप्रभावित हों। भारत को पहले भी ऐसी स्थितियों का लाभ मिला था। फिर ऐसा हुआ है।
यह उत्साहजनक खबर है। इसके बावजूद “बाजार पूरी तरह ठीक हो गया है”, यह धारणा बनाना उचित नहीं होगा। अभी आई चमक बाहरी पहलुओं पर काफी हद तक निर्भर है। आने वाले दिनों में तीन घटनाओं पर नज़र बनाए रखनी होगी। इनमें पहला पश्चिम एशिया का युद्ध है। वहां तनाव बढ़ा (जिसकी आशंका बनी हुई है), तो ऊर्जा संकट और महंगाई का खराब असर शेयर बाजारों के मूड पर पड़ेगा। इसके अलावा अमेरिका में एआई शेयरों का हाल सुधरा, तो निवेशक फिर से अमेरिका और प्रमुख एआई हार्डवेयर निर्माता देशों- दक्षिण कोरिया और ताइवान का रुख कर सकते हैँ। इसलिए सतर्कता के साथ उत्साहित होना ही अभी सही नजरिया होगा।

