लद्दाख में फिर गरमाई सियासत: सोनम वांगचुक का दावा—घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात, मुझे किया गया ‘हाउस अरेस्ट’

लद्दाख में फिर गरमाई सियासत: सोनम वांगचुक का दावा—घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात, मुझे किया गया 'हाउस अरेस्ट'

sonam wangchuk

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने हाउस अरेस्ट किए जाने का दावा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने दावा किया है कि उनके घर के बाहर हथियारों से लैस दर्जनों पुलिसकर्मियों और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात हैं। ALSO READ: यमुना में मरी मछलियां मिलने पर दिल्ली में सियासी संग्राम: प्रवेश वर्मा के आरोप पर सौरभ भारद्वाज का पलटवार

 

सोनम वांगचुक ने लगभग तीन मिनट का एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने घर के बाहर तैनात कुछ कथित जवानों के वीडियो दिखाए हैं। उनका दावा है कि कल रात से ही उन्हें नजरबंद कर लिया गया है। वांगचुक लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर धरना देने वाले थे। उनका दावा है कि धरने से पहले ही उन्हें नजरबंद कर लिया गया है।

 

क्या बोले सोनम वांगचुक?

वीडियो में सोनम वांगचुक ने दावा किया कि मुझे हाउस अरेस्ट में रखा गया है और घर के बाहर 20-25 पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल, बहुत सारी गाड़ियां और तंबू लगाए गए हैं। हर तरफ सिपाही बंदूकें लिए पहरा दे रहे हैं।

 

इस वीडियो में वांगचुक ने घर के बाहर तैनात कथित जवानों का वीडियो भी दिखाया। इसमें उन्होंने बताया कि पिछले साल 24 सितंबर को हुई हिंसा की जांच रिपोर्ट को जारी करने की मांग को लेकर धरना देने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें नजरबंद कर लिया गया।

 

उन्होंने कहा कि मैंने उन्हें साफ कहा कि मैं जेल जाने को तैयार हूं, तो वे मुझे उठाकर मेरे घर लाए और तब से ही मैं इस घर में नजरबंद हूं।

 

वांगचुक ने कहा कि बाहर जाने की कोई जगह नहीं है, पहरा है हर तरफ। हालांकि, अखबारों में ये कहा जा रहा है कि मुझे घर में रहने की सलाह दी गई है। मगर इतने सारे पुलिसकर्मियों का मतलब है कि कहीं नहीं जा सकता हूं, नजरबंद हूं, हाउस अरेस्ट में हूं।

अदालत जाने की तैयारी में वांगचुक

सोनम वांगचुक ने कहा कि वह इस हाउस अरेस्ट के खिलाफ अदालत भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमने मजिस्ट्रेट में अपील की है। हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक चैलेंज करने जा रहे हैं कि बेवजह किसी को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए आप कैसे अरेस्ट कर सकते हैं, वह भी बिना अरेस्ट का नाम लिए। तो ये एक मनमानी गुंडा राज है जिसके बारे में हम आवाज उठाना चाहते हैं।

 

उन्होंने कहा कि यहां जो धरना होने वाला था, वह बहुत ही सफलता से हुआ और जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक होते रहेंगे।

 

उन्होंने अपने धरना प्रदर्शन के लिए लोगों से साथ मांगा है। उन्होंने कहा कि लद्दाख केलोग हमेशा से भारत की युवा पीढ़ी के साथ हैं, सीमाओं पर सैनिकों के साथ रहे हैं। अब बारी है कि आपकी कि आप भी हमारा साथ दें।