
जम्मू कश्मीर के कई ऊंचाई वाले इलाकों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई, जिससे पूरी घाटी में तापमान गिर गया है। मिली रिपोर्टों के अनुसार, साधना टाप, फेरकिन टाप, करनाह घाटी, पीर की गली, सिंथन टाप और जोजिला दर्रे में हल्की बर्फबारी हुई। इसके अलावा, गुलमर्ग की अफरावत पहाड़ियों के फेज 1 और फेज 2 भी बर्फ से ढंक गए हैं। ALSO READ: किश्तवाड़ में लापता हुए दोनों SPO के मिले शव, शरीर पर थे गोलियों के निशान
राजदान टाप पर लगभग 2 इंच बर्फबारी दर्ज की गई और वहां अभी भी मध्यम बर्फबारी जारी है। मच्छेल घाटी के डुड्डी, मच्छेल, पुश्वारी, चोंटीवारी, रिंग पायीन, रिंग बाला, कटवारा और बिसरी बेहक इलाकों में भी बर्फबारी की खबर है।
बांडीपोरा जिले की गुरेज तहसील के तुलेल घाटी के ऊंचाई वाले इलाकों में भी ताजा बर्फबारी हुई, जिससे यह खूबसूरत घाटी पूरी तरह सफेद हो गई है। गुलमर्ग के कोंगडोरी में 2 इंच बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि साधना टाप पर 2 से 3 इंच बर्फ गिरी है। ALSO READ: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में बड़ा आतंकी हमला: गश्त कर रहे सीआरपीएफ जवानों पर बरसाई गोलियां, 3 घायल
इस बीच, मौसम विभाग ने 12-13 नवंबर को जम्मू कश्मीर में व्यापक बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। कुपवाड़ा, बांडीपोरा और गंदरबल के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी होने की संभावना है। साथ ही, दिन के तापमान में 6-8 डिग्री की गिरावट आ सकती है। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों तथा यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा करने से बचें, जबकि किसानों से एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।


