6 दिसंबर को अयोध्या जाएं अखिलेश और मांगें माफी, कारसेवकों पर गोली चलवाने के मुद्दे पर यूपी के मंत्रियों का निशाना

6 दिसंबर को अयोध्या जाएं अखिलेश और मांगें माफी, कारसेवकों पर गोली चलवाने के मुद्दे पर यूपी के मंत्रियों का निशाना

उत्तरप्रदेश सरकार में मंत्री धर्मपाल सिंह और दयाशंकर सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष  अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। धर्मपाल सिंह ने अखिलेश यादव को 6 दिसंबर को अयोध्या जाकर कारसेवकों पर गोली  चलवाने के लिए माफी मांगने की नसीहत दी। वहीं, दयाशंकर सिंह ने PDA को ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताते हुए अखिलेश  पर तंज कसा।

 

कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि सपा को भारतीय सभ्यता, आस्था और त्योहारों से कोई लेना-देना नहीं है। अखिलेश को  दीपावली पर ईद याद आती है। उन्हें केवल मुस्लिम वोटों की चिंता रहती है। उन्होंने कहा कि जनता सपा की राजनीति समझ  चुकी है और 2027 में पार्टी का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

 

‘भाजपा का PDA असली, 2027 में फिर बनेगी सरकार’

धर्मपाल सिंह ने कहा कि अखिलेश का PDA खत्म हो चुका है। उन्होंने भाजपा के PDA का अर्थ बताते हुए कहा कि 2017 में  पहली बार, 2022 में दूसरी बार और 2027 में अगली बार एनडीए की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी। 

 

मंत्री धर्मपाल ने कहा कि योगी सरकार ने यूपी में निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को गति दी है। उत्तर प्रदेश में बीते पांच  साल में 10 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। किसानों की आमदनी भी अब दोगुनी हुई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की  बढ़ती तरक्की देख अखिलेश यादव बौखला गए हैं। उन्हें 2027 में अपनी हार नजर आ रही है। 

‘PDA का मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’

 

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को खुद PDA की परिभाषा नहीं पता। आये दिन राजनीतिक लाभ के लिए वो  इसका अर्थ बदलते रहते हैं। पूरा देश जानता है कि उनके पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ है। उन्होंने कहा कि  अखिलेश ने चाचा शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव की तुलना भगवान से कर सनातन का अपमान किया है। 

‘भतीजावादी और चच्चावादी में छिड़ी जंग’, राजभर बोले- अखिलेश के खिलाफ सपा में बगावत

कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला  है। राजभर ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट पर तंज कसते हुए कहा कि इधर अखिलेश यादव नौ सौ चूहे खाकर मंदिर जाने की  तैयारी कर रहे हैं, उधर पूर्वांचल में सपा के अंदर बगावत का बिगुल बज चुका है। राजभर ने पूर्वांचल में सपा के 18 प्रतिशत यादव  वोट खिसकने का दावा करते हुए अखिलेश को शिवपाल यादव के सामने रोज सुबह-शाम दंडवत प्रणाम करने की सलाह दी है।

‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ के बीच फिर शुरू हुई महाभारत

 

ओपी राजभर ने सपा के एक नेता की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पूर्वांचल में पार्टी का 18 प्रतिशत यादव वोट दरक  गया है। उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए लिखा कि उनके एक नेताजी ने लंबी-चौड़ी रिपोर्ट दी है कि पूर्वांचल में सपा का यादव  वोट खिसक गया है। राजभर ने कहा कि अखिलेश ने वह पत्र तो पढ़ ही लिया होगा, जिसमें सैफई परिवार के बीच एक बार फिर  ‘महाभारत’ शुरू होने की बात खुलकर सामने आई है। उन्होंने इस पारिवारिक खींचतान को ‘भतीजावादी’ और ‘चच्चावादी’ के बीच  की लड़ाई बताया।

‘चाचा के दुलारे फूंक रहे पुतले, वीडियो कॉल पर हो रही डीलिंग’

 

राजभर ने दावा किया कि शिवपाल यादव के समर्थक अखिलेश के पुतले फूंक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहुबलियों और  धनबलियों से डीलिंग के लिए वीडियो कॉल पर सीधे चाचा से बात कराई जा रही है। राजभर के मुताबिक, इस दौरान ‘भइया से  अच्छे चाचा जी हैं’ जैसी बातें भी कही जा रही हैं। उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजधानी में बैठकर  ट्विटर, एसी और पीसी करते रहिए, जबकि जिलों में उनके खिलाफ बगावत शुरू हो चुकी है।

 

‘हर सीट पर होंगे बागी उम्मीदवार, होगी फंडिंग और डीलिंग’

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें आज और अभी से हर रोज सुबह-शाम अपने सबसे छोटे सगे  चाचा को दंडवत प्रणाम करना शुरू कर देना चाहिए। क्या पता, उनका दिल पिघल जाए और वह अपने हर अपमान को भूल जाएं।  राजभर ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो हर सीट पर बागी उम्मीदवार होंगे। उम्मीदवारों को फंडिंग  होगी और बड़े-बड़े लोगों से वीडियो कॉलिंग के जरिए डीलिंग भी होगी। इसके बाद अखिलेश यादव देखते रह जाएंगे।